नई दिल्ली/गुरुग्राम: कॉकरोच जनता पार्टी के अभिजीत दिपके, आशुतोष रांका और सौरव दास को प्लेन से ही पुलिस ने हिरासत में ले लिया है. कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के जंतर-मंतर प्रदर्शन से पहले दिल्ली पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है. पार्टी की लीगल टीम हेड रतना सिंह को हिरासत में ले लिया गया है. इसके अलावा जंतर-मंतर और कनॉट प्लेस इलाके से करीब 150 प्रदर्शनकारियों को भी हिरासत में लिया गया.
शनिवार सुबह प्रदर्शनकारियों के जंतर-मंतर पहुंचने की कोशिश के दौरान पुलिस ने कई जगहों पर रोक लगाई. होटल ले मेरिडियन और संसद मार्ग के आसपास से छात्रों व कार्यकर्ताओं को बसों में बिठाकर हिरासत केंद्रों में शिफ्ट किया गया. पुलिस के अनुसार अब तक 150 से अधिक लोग हिरासत में हैं, जबकि कुछ रिपोर्ट्स में यह आंकड़ा 200 के पार बताया जा रहा है.
रतना सिंह CJP की कानूनी मामलों की प्रमुख हैं और पार्टी के कोर लीडरशिप में शामिल हैं. उनके अलावा यूट्यूबर ध्रुव राठी को भी गुरुग्राम से पहले ही हिरासत में लिया जा चुका है. CJP संस्थापक अभिजीत दिपके मुंबई से दिल्ली के लिए रवाना हो चुके हैं और प्रदर्शन में शामिल होने का इरादा जताया है.
दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी है. शहर में भारी सुरक्षा बल तैनात है, कई मेट्रो स्टेशन बंद हैं और कई ट्रेनें रद्द की गई हैं. पुलिस का कहना है कि अनधिकृत जमावड़े को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
CJP मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और SIR में कथित अनियमितताओं के खिलाफ प्रदर्शन का आह्वान कर रही है. पार्टी का दावा है कि देशभर में हजारों समर्थकों को पहले ही रोक लिया गया है. स्थिति पर नजर बनी हुई है.
लोकप्रिय यूट्यूबर ध्रुव राठी को शनिवार सुबह गुरुग्राम में पुलिस ने हिरासत में ले लिया. करीब सुबह 8 बजे पुलिस ने यह कार्रवाई की. फिलहाल उन्हें हिरासत में लेने की सटीक वजह और मामले की विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है.
यह कार्रवाई दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित प्रदर्शन से ठीक पहले हुई है. ध्रुव राठी शुक्रवार को इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर लोगों से जंतर-मंतर पहुंचकर प्रदर्शन में शामिल होने की अपील कर चुके थे. उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए समर्थकों को एकजुट होने का आह्वान किया था.
इससे पहले गुरुवार को ध्रुव राठी बेंगलुरु में SIR के खिलाफ विरोध प्रदर्शन में भी पहुंचे थे. शनिवार को दिल्ली में CJP के बड़े प्रदर्शन की तैयारियों के बीच गुरुग्राम में उनके खिलाफ पुलिस कार्रवाई ने चर्चा बढ़ा दी है.
अभी तक आधिकारिक तौर पर कोई विस्तृत बयान जारी नहीं हुआ है. खबर शुरुआती सूचनाओं पर आधारित है. आगे की जानकारी मिलते ही अपडेट किया जाएगा.