...सुप्रीम कोर्ट में एक ऐसा केस पहुंचा, जिसने सीजेआई को भी हिलाकर रख दिया. 12 साल की एक लड़की अपने पिता से कहती है आप 1 करोड़ रुपये मुझे तो तभी आपके साथ रहूंगी, जिसे सुनते ही सीजेआई बीआर गवई भी सन्न रह जाते हैं. पूरा मामला सुनने पर पता चलता है पति और पत्नी के बीच विवाद चल रहा है, जिला अदालत ने बेटी की कस्टडी पिता को दी थी, जिसे मां ने ऊपरी अदालत में चैलेंज किया. साथ ही बच्ची के स्कूल से भी पिता का नाम हटवा दिया और अब बच्ची ने अपने पिता से एक करोड़ की डिमांड कर दी.
लड़की के पिता की ओर से पेश हुए वकील ने कहा कि लड़की ने फिर मेरे साथ आने से इनकार कर दिया है, वो कह रही है कि 'आप मेरी मां को परेशान कर रहे हैं. आपने अवमानना का केस कर दिया है, आप 1 करोड़ रुपये दीजिए, वरना मैं नहीं आऊंगी. यहां मां को दंडित करने से कुछ हासिल नहीं होगा, इसकी मध्यस्थता होनी चाहिए. जिसे सुनते ही सीजेआई बीआर गवई ने मां को कड़ी फटकार लगाई, साथ ही मध्यस्थता के भी आदेश दिए.
सीजेआई गवई ने कहा, ''आप अपनी बच्ची को बेवजह घसीट रही हैं, आप अपनी बच्ची का करियर बर्बाद कर रही हैं, आप उसका दिमाग खराब कर रही हैं. मां अपनी बेटी को गलत रास्ते पर ले जा रही है और बच्ची के दिमाग में गलत बातें भर रही है. कोर्ट चाहता है कि बच्ची सही तरीके से सोचे और समझे और बच्ची को पैसे के लिए अपने पिता पर दबाव नहीं डालना चाहिए. कोर्ट इस मामले को गंभीरता से ले रहा है. यह किसी दिन आपको ही नुकसान पहुंचाएगा. ये विवाद एक वैवाहिक विवाद है, मामले को एक मध्यस्थ के पास भेजा जाता है.
इधर इस मामले के चर्चा में आने के बाद एक सवाल ये भी उठ रहा है कि आखिर समाज कहां जा रहा है, कुछ दिनों पहले अदालत में एक ऐसा मामला भी पहुंचा था, जहां शादी के कुछ ही दिन बाद पत्नी अदालत पहुंच गई और कहा मुझे तलाक चाहिए,, साथ में गुजारा भत्ता के तौर पर एक बड़ी डिमांड रख दी, बीते दिनों एक महिला जिसकी शादी को 18 महीने हुए थे, उसने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर कहा मेरे पति काफी अमीर हैं, अब मुझे फ्लैट और BMW उनसे दिलवा दीजिए. जिस पर सीजेआई गवई ने कहा था, ''आप आईटी प्रोफेशनल हैं, एमबीए किया है, आपकी डिमांड बेंगलुरु और हैदराबाद में है. फिर आप काम क्यों नहीं करतीं? या तो आपको फ्लैट मिलेगा या कुछ नहीं मिलेगा.''
दरअसल महिला ने 18 महीने में ही तलाक ले लिया था और उसके बाद मुंबई में आलीशान फ्लैट, 12 करोड़ रुपये और एक बीएमडब्ल्यू कार की मांग की थी, जैसे सोशल मीडिया पर ड्रम वाले केस के बाद मीम्स वायरल होने शुरू हुए थे और रील्स बनने लगे थे कि पुरुष समाज डरा हुआ है, ठीक वैसे ही ऐसे मामले सामने आने के बाद भी सोशल मीडिया पर कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं.
लोग पूछने लगे हैं कि शादी जो पहले सात जन्मों का रिश्ता होता था, क्या अब पैसे और कमाई का साधन बन गया है. एक तरफ लुटेरी दुल्हन वाली ख़बरें मीडिया में चर्चा में रहती हैं, तो दूसरी तरफ दहेज केस के दुरुपयोग के मामले भी सामने आए हैं, और अब शादी के कुछ ही महीने बाद करोड़ों रुपये गुजारा भत्ता की मांग बेहद चौंकाने वाली है. ऐसे मामलों पर क्या सरकार को भी अब सोचने की जरूरत है, चूंकि मुद्दा हर घर-परिवार औऱ समाज से जुड़ा है.