नई दिल्ली: भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने देश के कई हिस्सों में बेहद खराब मौसम की चेतावनी जारी की है. उत्तरी पाकिस्तान के आसपास के क्षेत्रों में साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय है, जो जम्मू, दक्षिणी हरियाणा, उत्तरी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड तक अपना असर दिखा रहा है.
सैटेलाइट तस्वीरों में केरल से लेकर अरुणाचल प्रदेश तक लगभग 3000 किलोमीटर लंबा विशाल बादलों का बैंड साफ दिख रहा है. मौसम विशेषज्ञों ने इस घटना को असामान्य बताया है. उन्होंने कहा कि मानसून से पहले इस तरह की व्यापक स्तर पर मौसम की अस्थिरता कम ही देखने को मिलती है.
वैज्ञानिकों के अनुसार, अगर कोई व्यक्ति केरल से अरुणाचल तक इस पूरे रास्ते पर यात्रा करे तो लगभग पूरे 2000-3000 किलोमीटर के दौरान उसे ज्यादातर जगह बादल छाए रहने और बारिश का सामना करना पड़ सकता है. यह स्थिति पूरे देश में मानसून पूर्व गतिविधियों को काफी सक्रिय बता रही है.
मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि इन घने और विशाल बादलों के अंदर कई तूफानी सिस्टम बन रहे हैं. इनकी वजह से अचानक तेज बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक की गतिविधियां बढ़ रही हैं. इससे बिजली गिरने, तेज आंधी और बाढ़ जैसी स्थितियां पैदा होने का खतरा भी ज्यादा हो गया है.
केरल, कर्नाटक, महाराष्ट्र, तेलंगाना, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, बिहार, असम और अरुणाचल प्रदेश इस समय सबसे अधिक प्रभावित होने वाले राज्य हैं. इन इलाकों में आने वाले कुछ दिनों तक यहां-वहां तेज बारिश के साथ बिजली चमकने और गरजने की घटनाएं देखने को मिल सकती हैं. वैज्ञानिकों के मुताबिक, पृथ्वी के बढ़ते तापमान के कारण भविष्य में ऐसे तूफानी मौसम के पैटर्न और भी सामान्य हो सकते हैं.
वहीं, 15 मई से उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ दाखिल होने वाला है. वहीं 16 मई को दक्षिण बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के कुछ इलाकों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने की उम्मीद है.
कहां-कहां होगी भीषण गर्मी?
मानसून की शुरुआती गतिविधि, साइक्लोनिक सर्कुलेशन और पश्चिमी विक्षोभ के संयुक्त प्रभाव से उत्तर-पश्चिम, पश्चिम और मध्य भारत के बड़े इलाकों में इस सप्ताह लू का प्रकोप बढ़ सकता है. पूर्वी राजस्थान, विदर्भ, मराठवाड़ा, मध्य महाराष्ट्र, कोंकण-गोवा आदि में गर्मी के साथ उमस भरा मौसम देखने को मिल सकत है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के लखनऊ स्थित क्षेत्रीय केंद्र ने 15 मई के लिए राज्य के कई जिलों में उष्ण लहर (Heatwave) का अलर्ट जारी कर दिया है.
मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में लू का प्रभाव और ज्यादा क्षेत्रों में फैलने की संभावना है. ताजा बुलेटिन में IMD ने यूपी के मौसम को लेकर दो अलग-अलग चेतावनियां दी हैं. राज्य के कुछ पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में आंधी व हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है, जबकि दक्षिणी उत्तर प्रदेश में तेज धूप और गर्मी का प्रकोप बढ़ रहा है.
दिल्ली-NCR में पिछले दिनों अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम 30 डिग्री के आसपास रहा. कल हल्की बारिश व गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. इसके बाद अगले 6 दिनों में गर्मी और बढ़ेगी. मौसम विभाग की सलाह है कि लोग विशेष रूप से दक्षिणी क्षेत्रों में दोपहर के समय बाहर निकलने से बचें और लू से बचाव के उपाय अपनाएं.