नई दिल्ली: देश की सबसे बड़ी दुग्ध उत्पादक कंपनी अमूल ने दूध की कीमतों में बढ़ोतरी का ऐलान कर दिया है. कंपनी ने देशभर में सभी प्रकार के दूध के दाम 2 रुपए प्रति लीटर बढ़ा दिए हैं. नई कीमतें कल यानी 14 मई से लागू हो जाएंगी.
क्यों बढ़ी कीमत?
अमूल का कहना है कि उत्पादन लागत, ऑपरेशनल खर्च और वैश्विक स्तर पर मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव के कारण सप्लाई चेन पर पड़े असर को देखते हुए यह बढ़ोतरी जरूरी हो गई थी. अमूल गोल्ड 500 मिली लीटर पैक की कीमत अब 35 रुपए हो गई है, जबकि 1 लीटर पैक 70 रुपए का हो जाएगा. अमूल ताजा 500 मिली लीटर का पैक 29 रुपए और 1 लीटर का पैक 57 रुपए में मिलेगा.
काउ मिल्क 500 मिली लीटर अब 30 रुपए में उपलब्ध होगा. बफेलो मिल्क 500 मिली लीटर की कीमत 39 रुपए हो गई है. स्लिम एंड ट्रिम 500 मिली लीटर 26 रुपए का हो गया है. वहीं टी स्पेशल 1 लीटर पैक अब 66 रुपए में मिलेगा.
घरेलू बजट पर असर
दूध रोजमर्रा की ज़रूरत है. अगर किसी घर में रोजाना 2 लीटर दूध खरीदा जाता है तो इस 2 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी से महीने भर में करीब 120 रुपए अधिक खर्च हो जाएगा. अमूल की इस घोषणा के बाद अन्य डेयरी कंपनियां जैसे मदर डेयरी भी अपनी कीमतें बढ़ा सकती हैं, जिससे आम उपभोक्ताओं पर और दबाव बढ़ने की आशंका है.
नई दरें 14 मई की सुबह यानी आज रात 12 बजे के बाद से पूरे देश में लागू होंगी. सभी दुकानों, रिटेल आउटलेट्स और मिल्क पार्लर पर नई रेट लिस्ट लगाने के निर्देश दे दिए गए हैं.