जम्मू-कश्मीर में पहले चरण के लिए मतदान जारी है. दोपहर 1 बजे तक 41.17% होने की जानकारी मिल रही है. भारत निर्वाचन आयोग से मिली जानकारी के अनुसार, दोपहर 1 बजे तक किश्तवाड़ में 56.86 प्रतिशत, डोडा में 50.81 प्रतिशत, रामबन में 49.68 प्रतिशत, कुलगाम में 39.91 प्रतिशत, शोपियां में 38.72 प्रतिशत, अनंतनाग में 37.90 प्रतिशत और पुलवामा में 29.84 प्रतिशत मतदान हुआ है. सुबह 7 बजे शुरू हुआ मतदान पूरे केंद्र शासित प्रदेश में जारी है. मतदान शाम 6 बजे समाप्त होगा. बता दें कि इस चुनाव में भारी संख्या में कश्मीरी पंडित भी भाग ले रहे हैं.
किश्तवाड़ के बागवान में विरोध-प्रदर्शन
किश्तवाड़ के बागवान मोहल्ला में एक मतदान केंद्र पर मतदाताओं की पहचान को लेकर विरोध प्रदर्शन के बाद मतदान कुछ समय के लिए रोक दिया गया था, हालांकि, मतदान फिर से शुरू हो गया है. किश्तवाड़ के डीएम राजेश कुमार शवन ने कहा कि यह भ्रम की स्थिति थी और स्थिति सामान्य है. उन्होंने कहा कि यहां लोगों में कुछ भ्रम की स्थिति थी, यहां भीड़ थी और इसे सुलझा लिया गया है. पहचान को लेकर कुछ समस्या थी, एक व्यक्ति के पास पहचान पत्र नहीं था. स्थिति सामान्य है, मतदान फिर से शुरू हो गया है.
बीजेपी ने सरकार बनाने का किया दावा
गौरतलब है कि कश्मीरी प्रवासी मतदाताओं ने भी जम्मू के आईटीआई कॉलेज परिसर में कड़ी सुरक्षा के बीच अपना वोट डाला. इस बीच, रामबन विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार राकेश ठाकुर ने वोट डालने के बाद पार्टी की जीत का भरोसा जताते हुए कहा कि अनुच्छेद 370 के निरस्त होने के बाद, जम्मू-कश्मीर में बहुत विकास हुआ है और हम चुनाव में उन विकास कार्यों के साथ लोगों के बीच गए थे... जम्मू-कश्मीर में भाजपा की सरकार बनेगी.
नेशनल कॉन्फ्रेंस को भी जीत की उम्मीद
इसी बीच बनिहाल विधानसभा क्षेत्र से जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस के उम्मीदवार सज्जाद शाहीन ने वोट डालने के बाद कहा कि माहौल बहुत सकारात्मक है और जनता क्षेत्रीय पार्टी जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस को वोट देना चाहती है ताकि उनके क्षेत्रीय मुद्दों को संबोधित किया जा सके...हमें जनता से बहुत समर्थन मिल रहा है...मुझे उम्मीद है कि हम भारी बहुमत से जीतेंगे.
24 विधानसभा क्षेत्रों में डाले जा रहे वोट
बता दें कि पहले चरण में केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के 24 विधानसभा क्षेत्रों में आज मतदान हो रहा है, जिसमें कश्मीर क्षेत्र की 16 सीटें और जम्मू क्षेत्र की 8 सीटें शामिल हैं. जम्मू-कश्मीर में दूसरे और तीसरे चरण के लिए मतदान क्रमशः 25 सितंबर और 1 अक्टूबर को होगा. मतगणना 8 अक्टूबर को होगी. हरियाणा विधानसभा चुनाव का परिणाम भी इसी दिन आएगा.