बागपत: यूपी में एक बार फिर पत्नी की बेरहम साजिश ने सबको स्तब्ध कर दिया है. बागपत के नौरोजपुर गुर्जर गांव में पत्नी रचना ने अपने प्रेमी (नेवी जवान सोनू) के साथ मिलकर पति सचिन की क्रूर तरीके से हत्या कर दी. शनिवार सुबह पति की तबियत बिगड़ने की सूचना पर परिवार वाले उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. गले पर चोट के निशान देखकर परिजनों को शक हुआ. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज चेक की तो रात 10 बजे एक युवक घर में घुसता और सुबह साढ़े तीन बजे निकलता दिखा.
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या की पुष्टि हुई. पुलिस ने पत्नी रचना को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में रचना ने हैरान कर देने वाली बात कबूल की. उन्होंने बताया कि सास की मौत के बाद पति उसे परेशान कर रहा था. तभी इंस्टाग्राम पर नेवी जवान सोनू (रंछाड़ निवासी) से दोस्ती हो गई.
सोनू नींद की 6 गोलियां लेकर आया. रचना ने खीर में गोलियां मिलाकर पति को खिला दी. पति बेहोश होने के बाद दोनों दूसरे कमरे में संबंध बनाते रहे. जब पति की बेहोशी टूटने लगी तो दोनों ने तकिए से मुंह दबाकर गला घोंट दिया.
बागपत एसपी सूरज कुमार राय ने कहा कि महिला और उसके प्रेमी ने मिलकर यह साजिश रची. प्रेमी सोनू की तलाश जारी है. यह घटना मेरठ के सौरभ हत्याकांड की याद दिलाती है, जहां भी इसी तरह की क्रूरता देखी गई थी. पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है.