मुंबई: एक्टर और पूर्व WWE रेसलर सौरव गुर्जर, जिन्हें टीवी सीरियल ‘महाभारत’ में भीम के किरदार और फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र’ में जोर के रोल के लिए जाना जाता है, एक गंभीर आरोप में गिरफ्तार हो गए हैं. एक 29 वर्षीय महिला ने उन पर शादी का झूठा वादा करने और यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है.
खबरों के अनुसार, महिला की शिकायत के बाद सौरव गुर्जर के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया गया था. मिडिल ईस्ट से भारत लौटते समय 17 सितंबर 2026 की रात उन्हें मुंबई एयरपोर्ट पर रोका गया और हिरासत में लिया गया. इसके बाद उन्हें हैदराबाद ले जाया गया, जहां मजिस्ट्रेट के सामने पेश करने के बाद 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. आरोपों की जांच अभी जारी है.
क्या है पूरा मामला?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, महिला का आरोप है कि सौरव गुर्जर ने शादी का वादा करके उन्हें धोखा दिया और उत्पीड़न किया. दोनों अमेरिका में साथ रहे थे. महिला के भारत लौटने के बाद भी संबंध जारी रहे. महिला ने शिकायत में बताया कि सौरव ने उन्हें अमेरिका में अपनी नौकरी छोड़ने और भारत आने के लिए राजी किया था.
उनका कहना था कि दोनों मिलकर भारत में कोई बिजनेस शुरू करेंगे. पीड़िता का दावा है कि अक्टूबर 2025 से मार्च 2026 तक वे साथ रहे. जब भी वह शादी की प्लानिंग के बारे में पूछती, तो सौरव उसका फोन नंबर ब्लॉक कर देते और दूरी बना लेते. बाद में वे बिना बताए गायब हो गए.
कौन हैं सौरव गुर्जर?
सौरव गुर्जर मूल रूप से ग्वालियर के रहने वाले हैं. रेसलर बनना उनका बचपन का सपना था. करीब 14 साल पहले वे मुंबई आ गए थे. उन्होंने 2013-14 में सिद्धार्थ कुमार तिवारी के शो ‘महाभारत’ में भीम का किरदार निभाया था. 2018 में एक ही दिन उन्होंने ‘ब्रह्मास्त्र’ और WWE के कॉन्ट्रैक्ट साइन किए थे.
शुरू में वे फिल्म करने को तैयार नहीं थे, लेकिन निर्देशक अयान मुखर्जी से मिलने के बाद प्रोजेक्ट से जुड़ गए. ‘ब्रह्मास्त्र पार्ट वन: शिवा’ में उन्होंने विलेन का रोल किया था. इस मामले में आगे की जांच और कोर्ट की कार्यवाही पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं.