नई दिल्ली: बॉक्स ऑफिस पर तूफान मचा चुकी फिल्म ‘हनुमान अंश’ की टीम ने सोमवार को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से उनके आवास पर मुलाकात की. इस मुलाकात में फिल्म के निर्देशक विशाल चतुर्वेदी, लीड एक्टर शोभिनव सत्या और प्रोड्यूसर महावीर जैन मौजूद रहे.
फिल्म ‘हनुमान अंश’ 7 अगस्त को रिलीज हुई थी और लगभग 2 करोड़ रुपये के छोटे बजट में बनी होने के बावजूद इस साल की सबसे बड़ी सरप्राइज हिट्स में से एक बन गई है. शुरुआत में धीमी रही फिल्म बाद में वर्ड ऑफ माउथ से जोरदार उछाल पर पहुंच गई और चौथे हफ्ते से बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाने लगी. अब तक इसने दुनियाभर में 300 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है.
भेंट के बाद अमित शाह ने क्या कहा?
लाकात के दौरान गृह मंत्री अमित शाह ने नीम करोली बाबा के बारे में बहुत सम्मान के साथ बात की. उन्होंने भारतीय संस्कृति और परंपराओं की अपनी समझ साझा की. साथ ही फिल्म बनाने वाली टीम को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी कहानियों को सिनेमा के माध्यम से लोगों तक पहुंचाते रहें.
अमित शाह ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर भी इस मुलाकात का जिक्र करते हुए लिखा, “आज नई दिल्ली में बाबा नीब करौरी जी के जीवन पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ के कलाकारों से भेंट की. बाबा नीब करौरी जी की आध्यात्मिक यात्रा और हनुमान जी के प्रति उनकी अनन्य भक्ति को सिनेमा के माध्यम से जन-जन तक पहुँचाने के इस सराहनीय प्रयास के लिए फिल्म की पूरी टीम को बहुत-बहुत बधाई.”
अगली फिल्म ‘रामबोला’ का भी जिक्र
मुलाकात के दौरान निर्देशक विशाल चतुर्वेदी और प्रोड्यूसर महावीर जैन ने गृह मंत्री को अपनी अगली फिल्म ‘रामबोला’ के बारे में भी जानकारी दी. यह फिल्म गोस्वामी तुलसीदास के जीवन और उनकी विरासत पर आधारित होगी. विशाल चतुर्वेदी ही इस फिल्म को लिखेंगे और निर्देशित करेंगे, जबकि महावीर जैन को-प्रोड्यूसर होंगे. ‘रामबोला’ का ऐलान इसी महीने की शुरुआत में किया गया था.
पहले भी कई मुख्यमंत्रियों से मुलाकात
‘हनुमान अंश’ की टीम इससे पहले कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों से भी मुलाकात कर चुकी है. इसी महीने की शुरुआत में टीम लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिली थी. इसके बाद मुंबई में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से उनके आधिकारिक आवास ‘वर्षा’ पर भी मुलाकात की गई थी. नीम करोली बाबा के जीवन और हनुमान जी के प्रति उनकी अटूट भक्ति पर आधारित यह फिल्म दर्शकों के दिलों में जगह बना चुकी है और अब राजनीतिक हस्तियों के बीच भी चर्चा का विषय बनी हुई है.