UGC Rollback: मध्य प्रदेश के रीवा में यूजीसी (UGC) रोलबैक के मुद्दे को लेकर सवर्ण समाज के लोगों ने अनोखे और प्रतीकात्मक अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने सवर्ण नेताओं की प्रतीकात्मक अर्थी निकाली और नारेबाजी करते हुए विहर नदी में उसका विसर्जन कर दिया. प्रदर्शनकारियों ने रीवा के विवेकानंद पार्क में जमावड़ा किया. यहां से उन्होंने सवर्ण नेताओं की प्रतीकात्मक अर्थी निकाली और नारेबाजी करते हुए विहर नदी की ओर रवाना हुए.
रास्ते भर उन्होंने अपनी मांगों के समर्थन में नारे लगाए और यूजीसी रोलबैक को लेकर नाराजगी जाहिर की. नदी किनारे पहुंचकर प्रदर्शनकारियों ने प्रतीकात्मक अर्थी का विसर्जन किया और इस तरह अपना विरोध प्रदर्शन समाप्त किया. इस अनोखे प्रदर्शन में सवर्ण समाज के बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए.
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यूजीसी रोलबैक के मुद्दे पर चाहे सत्ता पक्ष के सवर्ण नेता हों या विपक्ष के, किसी ने भी उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं लिया. इसी नाराजगी को जाहिर करने के लिए उन्होंने सवर्ण नेताओं की प्रतीकात्मक अर्थी निकालकर विरोध दर्ज कराया. रीवा में किया गया यह अनोखा विरोध प्रदर्शन अब चर्चा का विषय बन गया है. प्रदर्शनकारियों ने प्रतीकात्मक अर्थी के जरिए अपनी आवाज बुलंद की और सरकार से अपनी मांगों पर ध्यान देने की अपील की.