नई दिल्ली: अनकापल्ले जिले के कोटौराटला मंडल के कैलासपट्टनम गांव में एक पटाखा निर्माण इकाई में हुए विस्फोट में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य घायल हो गए. प्राथमिक जांच में पुलिस ने पाया कि विस्फोट रविवार दोपहर पटाखा निर्माण इकाई के परिसर में हुआ था. विस्फोट से आग पूरी इकाई में फैल गई.
घटना में सभी पीड़ित काकीनाडा जिले के समरलाकोटा इलाके के थे. मौके पर पहुंचे पुलिस और दमकल कर्मियों ने बताया कि उन्होंने पांच लोगों के शव बरामद किए हैं. पुलिस को संदेह है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि घटना में कुछ लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं.
पुलिस को अभी विस्फोट के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है और यह पता लगाने के लिए जांच जारी है कि यह अवैध इकाई है या लाइसेंस प्राप्त इकाई. गृह मंत्री वी अनिता रविवार को दुर्घटनास्थल का दौरा करेंगी और उन्होंने अधिकारियों से घायलों को बेहतर चिकित्सा उपचार उपलब्ध कराने को कहा.