महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ सीमा पर वंडोली गांव में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में 5 महिलाओं सहित 12 नक्सली के मारे जाने की खबर है. टिपागड़ दलम के प्रभारी एक डिवीजनल कमेटी सदस्य लक्ष्मण आत्राम की पहचान मृत नक्सलियों में से एक के रूप में की गई है. गढ़चिरौली के पुलिस अधीक्षक नीलोत्पल ने बताया कि मृत माओवादियों के खिलाफ मुठभेड़, आगजनी और हत्या सहित विभिन्न अपराध दर्ज किए गए हैं.
उन्होंने यह भी कहा कि उत्तर गढ़चिरौली में सभी सशस्त्र संरचनाओं और कैडरों को पुलिस ने बेअसर कर दिया है. इसके अलावा उन्होंने कहा कि ऑपरेशन के बाद उत्तर गढ़चिरौली अब नक्सल मुक्त है. नीलोत्पल ने बताया है कि उत्तर गढ़चिरौली में सभी सशस्त्र संरचनाओं और कैडरों को पुलिस ने बेअसर कर दिया है और उत्तर गढ़चिरौली अब नक्सल मुक्त है.
फडणवीस ने की इनाम की घोषणा
इसे लेकर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम देने के लिए C60 कमांडो और गढ़चिरौली पुलिस को 51 लाख रुपए का नकद इनाम देने की घोषणा की है. बता दें कि पुलिस उपाधीक्षक अधिकारियों के नेतृत्व में सात सी-60 दलों को वंडोली गांव में छत्तीसगढ़ सीमा के पास भेजा गया था. कांकेर के सीमावर्ती क्षेत्र में छिंदभट्टी और पीवी-82 के बीच जंगल क्षेत्र में महाराष्ट्र पुलिस की सी-60 टीम और माओवादी विद्रोहियों के बीच मुठभेड़ हुई.
बुधवार को शुरू हुई थी गोलीबारी
बुधवार दोपहर को भारी गोलीबारी शुरू हुई और 6 घंटे तक रुक-रुक कर जारी रही. इस मुठभेड़ में कुल 12 नक्सली मारे गए. एक पुलिस सब-इंस्पेक्टर (PSI) और एक जवान भी घायल हुए थे, जो अब खतरे से बाहर हैं. उन्हें निकालकर नागपुर ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. तलाशी में 7 ऑटोमोटिव हथियार बरामद हुए, जिनमें तीन AK-47, दो INSAS, एक कार्बाइन और एक SLR शामिल हैं. बता दें कि सुरक्षा बलों ने इलाके में तलाशी अभियान तेज कर दिया है और वे स्थिति पर कड़ी निगरानी रख रहे हैं.