लेट्स इंस्पायर बिहार अभियान के अंतर्गत 4 महीनों में 7 राष्ट्रीय मेगा इवेंट घोषित, बेंगलुरु से दिल्ली तक गूंजेगा विकसित बिहार का नारा!

Amanat Ansari 10 Dec 2025 10:29: PM 6 Mins
लेट्स इंस्पायर बिहार अभियान के अंतर्गत 4 महीनों में 7 राष्ट्रीय मेगा इवेंट घोषित, बेंगलुरु से दिल्ली तक गूंजेगा विकसित बिहार का नारा!

पटना: 21 दिसंबर, 2025 को बेंगलुरू के प्रतिष्ठित ऑक्सफोर्ड कॉलेज सभागार में ‘बिहार @ 2047 विजन काॅन्क्लेव (सीजन 3)’ का भव्य आयोजन निर्धारित है. इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कॉन्क्लेव में मुख्य अतिथि के रूप में बिहार सरकार के उद्योग मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल की गरिमामयी उपस्थिति की स्वीकृति पर लेट्स इंस्पायर बिहार अभियान हृदय से आभार व्यक्त करता है.

साथ ही विधायक संजीव चौरसिया, विधायक मिथिलेश तिवारी तथा विधायक रत्नेश कुशवाहा द्वारा अति विशिष्ट अतिथि के रूप में अपनी उपस्थिति प्रदान किए जाने की सहमति अभियान के लिए प्रेरणादायी है. यह कॉन्क्लेव दक्षिण भारत में बसे मूल बिहारवासियों, उद्योग नेतृत्वकर्ताओं, निवेशकों एवं कॉर्पोरेट जगत से जुड़े वरिष्ठजनों को बिहार में उद्यमिता, निवेश और रोजगार सृजन के नए अवसरों से जोड़ने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम सिद्ध होगा.

इस कॉन्क्लेव में प्रदत्त मार्गदर्शन एवं सहभागिता से अभियान के अंतर्गत बिहार में उद्यमिता की क्रांति को तीव्र गति मिलने की पूर्ण संभावना है तथा 2047 तक विकसित भारत में विकसित बिहार के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में यह आयोजन महत्वपूर्ण मील का पत्थर सिद्ध होगा. दक्षिण भारत में रह रहे सभी मूल बिहारवासियों एवं बिहार में निवेश करने की इच्छा रखने वाले सभी उद्यमियों का इस कॉन्क्लेव में सहृदय स्वागत है.

18 जनवरी 2026 को हैदराबाद के भारत के प्रमुख नवाचार केंद्र T-Hub Hitech City के कैंपस में Bihar Development Summit 2026 का आयोजन किया जाएगा. इस प्रतिष्ठित आयोजन में बिहार के उप-मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री सम्राट चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता करेंगे. दक्षिण भारत के आईटी, विनिर्माण और सेवा क्षेत्र में अग्रणी उद्यमियों एवं वैश्विक निवेशकों के बीच बिहार को एक उभरते निवेश गंतव्य के रूप में प्रस्तुत करने में यह आयोजन एक मील का पत्थर सिद्ध होगा.

22 फरवरी, 2026 को राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में खुले आसमान के नीचे एक भव्य Bihar Development Summit का आयोजन किया जाएगा. इस कार्यक्रम में देश-दुनिया के प्रमुख कॉर्पोरेट नेतृत्व, शिक्षा विशेषज्ञ, सामाजिक उद्यमी एवं युवा प्रतिनिधियों की उपस्थिति अपेक्षित है. सम्राट चौधरी को भी इस कार्यक्रम के लिए आमंत्रित किया गया है, जिनकी उपस्थिति की औपचारिक पुष्टि अपेक्षित है.

विकसित भारत का स्वप्न विकसित बिहार के बिना असंभव है. बिहार का अतीत गौरवशाली रहा है, यदि मिलकर हमने प्रयास किया तो निश्चित ही भविष्य भी उज्ज्वलतम होगा. अभियान के अंतर्गत महान वृक्ष के स्वरूप का बीजारोपण हो रहा है. यह अत्यंत सुखद है कि 2047 तक विकसित भारत में विकसित बिहार के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध लेट्स इंस्पायर बिहार अभियान आज उन सभी बिहारवासियों का अभियान बन चुका है जो बिहार की ऐतिहासिक गरिमा को पुनर्स्थापित करना चाहते हैं और जो वर्तमान में हावी जाति-संप्रदाय, लिंगभेद और विचारधारात्मक मतभेदों के परस्पर संघर्षों से हटकर एक ऐसे विकसित बिहार का निर्माण चाहते हैं जिसमें शिक्षा, रोजगार या स्वास्थ्य के लिए किसी को बाहर जाने की आवश्यकता नहीं हो.

लाखों बिहारवासी आज अभियान के साथ जुड़े हैं जिसमें से 2,75,000+ की संख्या व्हात्सएप समूहों के माध्यम से सीधे रूप में जुड़ी है. आज गांव-गांव और नगर-नगर में अभियान से जुड़ी महिलाएं, युवा, किसान, चिकित्सक, अधिवक्ता, समाजसेवी और सभी सजग नागरिक बिहार को विकसित बनाने का संकल्प ले रहे हैं.

शिक्षा, समता और उद्यमिता के मूल मंत्रों पर आधारित अभियान में मातृभूमि की समृद्ध विरासत से प्रेरणा लेकर लघुवादों (जातिवाद, सम्प्रदायवाद, लिंगभेद इत्यादि) से उपर उठकर राष्ट्रहित में योगदान करने की परिकल्पना है. वर्तमान में बिहार के 15 जिलों में जुड़े व्यक्तियों/विदुषियों द्वारा 28 निःशुल्क शिक्षा केंद्र चल रहे हैं जिसमें लगभग 2000 आर्थिक रूप से वंचित विद्यार्थी अध्ययनरत हैं. इनमें से 23 महिलाओं द्वारा गार्गी पाठशाला के नाम से संचालित हैं.

अभियान के अंतर्गत बिहार में उद्यमिता की व्यापक क्रांति लाने का लक्ष्य है जिससे बिहार में ही रोजगार का अधिकाधिक सृजन हो सके. हर बिहारवासी को शिक्षित एवं स्किल्ड बनाने के लिए समाज के हर वर्ग को जोड़कर एक व्यापक इकोसिस्टम निर्मित करने की आवश्यकता है जिसमें जो युवा स्वरोजगार, स्टार्ट-अप, उद्यम एवं व्यवसाय की ओर बढ़ते हैं उन्हे आवश्यक हरसंभव सहयोग एवं मार्गदर्शन दिया जा सके.

उद्यमिता की क्रांति के बीजारोपण के लिए बिहार के हर जिले में 2028 तक अभियान के माध्यम से 100+ व्यक्तियों को रोजगार प्रदान करने की क्षमता वाले कम से कम 5 सफल स्टार्टअप स्थापित करने का लक्ष्य है. इसी उद्देश्य को लेकर अनेक स्टार्टअप सम्मेलनों तथा वाइब्रेंट बिहार ग्लोबल काॅन्क्लेव का आयोजन पटना में वर्ष 2022 तथा 2023 में किया गया. दिल्ली के एनडीएमसी सभागार में वर्ष 2021 में बिहार उद्यमिता सम्मेलन तथा 2023 में बिहार विजन @ 2047 काॅन्क्लेव का सफल आयोजन किया गया. दुबई, दिल्ली, मुंबई, बेंगलूरू, हैदराबाद, पुणे और वडोदरा में भी बिहार संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से उद्यमियों को अभियान के साथ जोड़ा गया है. अनेक सफल उद्यमी ऐसे समिट में समय-समय पर स्टार्ट-अप को सलाह देते रहते हैं.

4 वर्षों की यात्रा पूर्ण होने पर 22 मार्च, 2025 को बापू सभागार में आयोजित ऐतिहासिक विकसित बिहार संकल्प महासभा में बिहार के हर जिले से पटना पहुंचे अभियान के अंतर्गत गठित अध्यायों से जुड़े सदस्यों ने बिहार के विकास के लिए संकल्प लिया था. बीते 24 अगस्त, 2025 को पटना के रविन्द्र भवन में तथा 25 अगस्त, 2024 को पटना के विद्यापति सभागार में स्टार्ट-अप समिट और 22 दिसंबर, 2024 को दिल्ली के भारत मंडपम में बिहार @ 2047 विजन काॅन्क्लेव (सीजन 2) का आयोजन किया गया. अभियान के अंतर्गत आज 15,000 से अधिक सफल उद्यमी साथ जुड़कर स्वैच्छिक योगदान कर रहे हैं. 600 स्टार्टअप अभियान के साथ आगे बढ़ रहे हैं, लक्ष्य है कि 2028 तक हर जिले में 100+ व्यक्तियों को रोजगार देने वाले कम से कम 5 सफल स्टार्ट-अप्स स्थापित हो जाएं, बेगूसराय, छपरा सहित अनेक जिलों में ऐसे अनेक स्टार्टअप स्थापित भी हो चुके हैं.

बिहार के सभी जिलों में, भारत के प्रमुख महानगरों में तथा विदेशों में अभी तक 2300+ कार्यक्रम हो चुके हैं. अभियान के संदेशों को हर ग्राम-नगर के जन-जन तक पहुंचाने तथा उद्देश्यों में समाज के हर वर्ग की अधिकाधिक सहभागिता के लिए बृहत जन संवादों का प्रारंभ बेगूसराय से बीते 10 दिसंबर, 2023 को किया गया जिसमें 50,000+ व्यक्ति सम्मिलित हुए. 21 जनवरी, 2024 को आरा के महाराजा काॅलेज में द्वितीय बृहत जन संवाद में भी हजारों व्यक्ति सम्मिलित हुए और 1 दिसंबर, 2024 को सासाराम (रोहतास) के तृतीय बृहत जन संवाद में भी 50,000+ व्यक्ति सम्मिलित हुए. 8 दिसंबर, 2024 के छपरा के राजेंद्र स्टेडियम और 9 फरवरी, 2025 को वैशाली के जढ़ुआ में भी हजारों व्यक्तियों की सहभागिता रही. 

चिकित्सकों द्वारा स्थापित जीवक अध्याय द्वारा आयोजित 300 से अधिक निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों में 50,000+ वंचित व्यक्ति लाभान्वित हो चुके हैं. अनेक सांस्कृतिक एवं सामाजिक गतिविधियां जुड़े व्यक्तियों द्वारा नित्य की जा रही हैं. 2028 तक बिहार के हर पंचायत एवं वार्ड में अभियान के अध्यायों को स्थापित करने का लक्ष्य है. महिलाओं द्वारा स्थापित गार्गी अध्याय द्वारा आज बिहार के 11 जिलों में वंचित विद्यार्थियों के लिए 23 गार्गी पाठशाला केन्द्रों पर निःशुल्क शिक्षादान समर्पित किया जा रहा है तथा वंचित महिलाओं के स्वरोजगार हेतु गार्गी कला कौशल केंद्रों तथा गार्गी कृत्या के माध्यम से उत्कृष्ट प्रयास किया जा रहा है.

यह अभियान केवल एक कार्यक्रमों का समूह नहीं है — बल्कि यह बिहार के व्यापक सांस्कृतिक, बौद्धिक, शैक्षणिक, सामाजिक एवं औद्योगिक परिवर्तन की सतत प्रक्रिया है. यह अभियान राज्य के प्रत्येक गांव, नगर, जिला और समुदाय तक अपनी पहुंच बना रहा है और हर वर्ग, हर विचारधारा, हर पेशे और हर नागरिक की सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करता है. विकसित बिहार की यह सामूहिक यात्रा तभी साकार हो सकती है जब संकल्प सामूहिक, दृष्टि दीर्घकालीन और प्रयास निरंतर हों.

इस अभियान के माध्यम से न केवल शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार में सुधार सुनिश्चित किया जा रहा है, बल्कि यह नैतिक, सामाजिक और सांस्कृतिक मूल्यों को पुनर्जीवित करने, महिला सशक्तिकरण और युवाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने तथा स्थानीय उद्यमिता और नवाचार को बढ़ावा देने की दिशा में भी निर्णायक योगदान दे रहा है.

आज यह आंदोलन उन सभी बिहारवासियों का अभियान बन चुका है जो विचारों, जाति, संप्रदाय या लिंगभेद की सीमाओं से परे उठकर अपने राज्य के लिए सकारात्मक परिवर्तन चाहते हैं. यह अभियान यह संदेश देता है कि सच्ची प्रगति तभी संभव है जब हर नागरिक, हर समाज और हर वर्ग इस परिवर्तन के मिशन में अपने योगदान के लिए प्रतिबद्ध हो. यह अभियान बिहार में एक बड़े सांस्कृतिक, सामाजिक एवं शैक्षणिक परिवर्तन के लिए कार्यरत है. सफलता हेतु सभी का सहयोग आवश्यक है.

उक्त प्रेस वार्ता के दौरान आइपीएस अधिकारी विकास वैभव के साथ-साथ रिटायर्ड विंड कमांडर उमेंद्रनाथ त्रिपाठी, उद्यमी राहुल कुशवाहा, चीफ़ कॉर्डिनेटर मोहन झा, चीफ़ कॉर्डिनेटर गार्गी डॉ प्रीति बाला, राहुल कुमार सिंह, चीफ कॉर्डिनेटर, लेट्स इंस्पायर बिहार, समन्वयक आशीष रंजन, मीडिया कॉर्डिनेटर राहुल सिंह और अनूप नारायण सिंह मौजूद रहे.

Lets Inspire Bihar Campaign Bihar @ 2047 Government of Bihar Bihar Industries Minister

Recent News