EVM के बाद EC की वेबसाइट के पीछे पड़ी कांग्रेस, कहा- चुनाव आयोग जानबूझकर धीरे धीरे...

Ajay Thakur 08 Oct 2024 12:57: PM 1 Mins
EVM के बाद EC की वेबसाइट के पीछे पड़ी कांग्रेस, कहा- चुनाव आयोग जानबूझकर धीरे धीरे...
हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 के नतीजों के इंतजार के बीच कांग्रेस पार्टी ने चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए हैं. कांग्रेस के नेताओं का कहना है कि चुनाव आयोग जानबूझकर नतीजों के डेटा को धीरे-धीरे अपडेट कर रहा है, जिससे नतीजों की पारदर्शिता पर खतरा मंडरा रहा है. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने कहा, "चुनावी रुझानों को चुनाव आयोग की वेबसाइट पर धीमी गति से साझा किया जा रहा है. इससे यह चिंता बढ़ गई है कि बीजेपी सरकार पर दबाव डालने की कोशिश कर रही है."
 
जयराम रमेश ने आगे कहा कि यह प्रक्रिया मतदाताओं के अधिकारों को कमजोर कर रही है और चुनावी प्रणाली की विश्वसनीयता को नुकसान पहुंचा रही है. उन्होंने चुनाव आयोग से अपील की कि नतीजों को जल्द और सही तरीके से जारी किया जाए, ताकि जनता और मतदाताओं का विश्वास बना रहे.
 
कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेट ने भी इस मुद्दे पर अपनी राय व्यक्त की. उन्होंने कहा, "रुझान बदलेगा. चुनाव आयोग की वेबसाइट पर डेटा अपडेट नहीं हो रहा है. हमारे डेटा के आधार पर कांग्रेस आगे है. तस्वीर बदलेगी." कांग्रेस के नेता पवन खेड़ा ने कहा, "हम अपने एजेंटों से अपील करते हैं कि वे अपने-अपने मतदान केंद्रों पर बने रहें."
 
उधर हिमाचल प्रदेश के मंत्री और कांग्रेस नेता जगत नेगी ने हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 पर प्रतिक्रिया देते हुए बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए. उनका कहना है कि पिछले दस सालों से हरियाणा की जनता बीजेपी से असंतुष्ट रही है. बीजेपी की जीत लोकतंत्र के लिए एक त्रासदी होगी. नेगी ने बीजेपी की आत्मविश्वास पर भी सवाल उठाते हुए कहा, "कुछ तो गड़बड़ है, तभी बीजेपी के लोग इतनी चीज़ों के खिलाफ होने के बाद भी इतने आत्मविश्वास से भरे हुए दिख रहे हैं."
 
हरियाणा चुनाव में बीजेपी की बढ़त के रुझान:
 
आपको बता दें कि अब तक के रुझानों में बीजेपी लगातार बढ़त बनाती हुई दिखाई दे रही है. बीजेपी 47 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि कांग्रेस 36 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है. इसके अलावा, इंडियन नेशनल लोक दल (आईएनएलडी) बाकी पांच सीटों में से दो पर आगे है. अगर ये रुझान नतीजों में बदलते हैं, तो यह बीजेपी के लिए हरियाणा चुनावी इतिहास का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन होगा.
haryana election result haryana election 2024 haryana election result 2024 haryana assembly election 2024

Recent News