कानपुर : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की बेटी अदिति यादव के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित रूप से भ्रामक और आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने के मामले में कानपुर के साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीन लोगों को नामजद करते हुए जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के अनुसार, अधिवक्ता सभा के राष्ट्रीय सचिव प्रवीण यादव ने साइबर थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि 9 जून को सोशल मीडिया पर एक आईडी के माध्यम से अदिति यादव को लेकर झूठे और आधारहीन आरोपों वाली पोस्ट साझा की गई. शिकायत में कहा गया है कि पोस्ट में आपत्तिजनक दावे किए गए तथा एक तस्वीर को संपादित कर भ्रामक तरीके से प्रसारित किया गया, जिससे उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई.
शिकायतकर्ता का कहना है कि पोस्ट में प्रस्तुत तथ्यों का वास्तविकता से कोई संबंध नहीं था और इसका उद्देश्य अदिति यादव तथा उनके परिवार की प्रतिष्ठा को प्रभावित करना था. पोस्ट वायरल होने के बाद समर्थकों और समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं में नाराजगी भी देखी गई.
पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारत कुमार पटेल, नागेश्वर सिंह बघेल और विनोद कुमार यादव के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। इनमें महिला की छवि को नुकसान पहुंचाने, कथित जालसाजी, धोखाधड़ी और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम से संबंधित प्रावधान शामिल हैं.
डीसीपी क्राइम श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि प्राप्त शिकायत के आधार पर FIR दर्ज कर ली गई है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है. पुलिस सोशल मीडिया पर प्रसारित सामग्री की सत्यता और उससे जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है.