TMC ऑफिस के पास जमीन के नीचे से निकली 500 रुपए की गड्डियां, करोड़ों की नकदी बरामद

Amanat Ansari 27 May 2026 09:38: PM 1 Mins
TMC ऑफिस के पास जमीन के नीचे से निकली 500 रुपए की गड्डियां, करोड़ों की नकदी बरामद

कोलकाता: पश्चिम बंगाल के बदुरिया में TMC पार्टी ऑफिस के पास जमीन खोदकर पुलिस को भारी मात्रा में नकदी मिली है. बरामदगी में 500 रुपए के नोटों से भरे कई बड़े बैग निकले हैं, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है. यह कार्रवाई TMC के वरिष्ठ नेता और बदुरिया नगरपालिका चेयरमैन दीपांकर भट्टाचार्य की गिरफ्तारी के बाद हुई. उन पर सरकारी राहत सामग्री में घोटाला और अवैध संपत्ति जमा करने के आरोप लगे हैं.

पुलिस को सूचना मिली थी कि पार्टी ऑफिस के आसपास जमीन में नकदी छिपाई गई है. इसके बाद पुलिस ने खुदाई करवाई और चार बड़े बैग बरामद किए, जिनमें 500 रुपए के नोटों की गड्डियां भरी हुई थीं. अभी नोटों की गिनती चल रही है, लेकिन अनुमान है कि कुल रकम करोड़ों में हो सकती है.

इससे पहले भी दीपांकर भट्टाचार्य से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी में पुलिस ने लगभग 80 लाख रुपए नकद और करीब 4,000 सरकारी तिरपाल जब्त किए थे. ये तिरपाल बाढ़ और आपदा प्रभावित गरीब परिवारों को बांटने के लिए थे.

स्थानीय लोगों ने बताया कि देर रात TMC ऑफिस के आसपास संदिग्ध गतिविधियां देखी गईं. भारी सामान वाली गाड़ियां आ रही-जा रही थीं और कुछ लोग कागजात जलाते भी दिखे. सूचना पर पुलिस ने पार्टी ऑफिस और पास के फार्महाउस पर छापा मारा. बाद में दीपांकर भट्टाचार्य को एक छिपे ठिकाने से गिरफ्तार किया गया.

पुलिस ने उनके कंप्यूटर ट्रेनिंग सेंटर की भी तलाशी ली, जहां से और सामग्री मिलने की खबर है. स्थानीय लोग आरोप लगा रहे हैं कि गरीबों के लिए भेजी गई राहत सामग्री को जानबूझकर छिपाकर रखा गया था और उसे काला बाजार में बेचने की तैयारी चल रही थी. पूरे मामले में राजनीतिक बवाल बढ़ गया है और विपक्षी पार्टियां TMC पर हमलावर हैं. पुलिस इस समय पूरे प्रकरण की गहन जांच कर रही है.

Mamata Banerjee TMC Office Raid Baduria Municipality Chairman Dipankar Bhattacharya

Recent News