कांग्रेस पार्षद की बेटी की हत्या, बीजेपी ने कर्नाटक सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा

Global Bharat 20 Apr 2024 2 Mins
कांग्रेस पार्षद की बेटी की हत्या, बीजेपी ने कर्नाटक सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा


हुबली के बीवीबी कॉलेज में कांग्रेस पार्षद की बेटी की हत्या मामले ने ज़ोर पकड़ लिया है.। यह मुद्दा कर्नाटक में सत्तारूढ़ कांग्रेस के जी का जंजाल बन गया है. क्योंकि विपक्ष में बैठी भाजपा इसे ज़ोर शोर से उठा रही है। भाजपा राज्य सरकार पर लगातार निशाना साध रही है। उसका कहना है कि राज्य में कानून व्यवस्था ध्वस्त है और सिद्धारमैया मस्त हैं। हत्या की घटना को लेकर कर्नाटक के एबीवीपी कार्यकर्ता गृह मंत्री जी परमेश्वर के आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन  करने पहुंचे जिन्हें पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इसके अलावा लिंगायत संत दिंगलेश्वर स्वामी और अन्य संतों ने हुबली हत्या की घटना को लेकर विरोध प्रदर्शन किया।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा, 'मैं कहना चाहता हूं कि मल्लिकार्जुन खरगे को यह पता होना चाहिए कि कर्नाटक में कानून व्यवस्था ध्वस्त है और सिद्धारमैया मस्त हैं। हमारी बहन की हत्या कर दी जाती है। वो भी खंजर से हत्या की जाती है। यह जो खंजर निकले हैं यह कांग्रेस पार्टी की नफरत की राजनीति से निकले हैं। इससे आम नागरिक परेशान हैं।'

कर्नाटक सरकार ने बीजेपी के वार पर पलटवार भी किया। सीएम सिद्धारमैया ने कहा, 'यह लव जिहाद का मामला नहीं है। मैं इस घटना की निंदा करता हूं। हमने अपराधी को गिरफ्तार कर लिया है, जांच गंभीरता से चल रही है और हम दोषी को सजा देंगे। हमने शांति बनाए रखने के लिए कानून और व्यवस्था का गंभीरता से ध्यान रखा है। भाजपा इस मुद्दे का इस्तेमाल राजनीति के लिए कर रही है। यह निंदनीय है कि भाजपा राजनीतिक उद्देश्यों के लिए एक लड़की की हत्या का इस्तेमाल कर रहा है।'

कर्नाटक सीएम के बयान पर पलटवार करते हुए भाजपा के विधायक बसनगौड़ा आर पाटिल ने कहा, लड़का धमकी दे रहा था। 'एकतरफा प्यार और लव जिहाद का मामला है। कर्नाटक के मुख्यमंत्री का जो बयान है वो निश्चित तौर पर एक सीएम को शोभा नहीं देता है। एक समुदाय के समर्थन में वो बयान दे रहे हैं। जब एक कांग्रेस के पार्षद की बेटी के साथ ऐसा हो रहा है तो बाकी का क्या होगा।'

हुबली में हुई इस सनसनीखेज घटना को पुलिस ने बताया कि आरोपी ने कथित तौर पर युवती को प्रपोज किया था। लेकिन छात्रा ने उसका प्रस्ताव ठुकरा दिया था। जिसके बाद उसने उस पर पांच-छह बार चाकू से हमला किया। पुलिस ने बताया कि कांग्रेस पार्षद निरंजन हिरेमथ की बेटी नेहा  एमसीए प्रथम वर्ष की छात्रा थी। आरोपी फैयाज ने एमसीए की पढ़ाई बीच में छोड़ दी थी। पुलिस के मुताबिक, इस घटना के सिलसिले में आरोपी गिरफ्तार कर लिया गया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।