मलेशियाई PM अनवर इब्राहिम का विवादास्पद बयान, पहलगाम हमले में पाकिस्तान की भूमिका को नकारा, क्लिप पाकिस्तान में वायरल

Amanat Ansari 13 Sep 2026 08:53 PM 1 Mins
मलेशियाई PM अनवर इब्राहिम का विवादास्पद बयान, पहलगाम हमले में पाकिस्तान की भूमिका को नकारा, क्लिप पाकिस्तान में वायरल

नई दिल्ली: ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए भारत आए मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने नई दिल्ली में एक बड़े न्यूज चैनल को एक्सक्लूसिव इंटरव्यू दिया. इस इंटरव्यू की क्लिप अब इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रही है, खासकर पाकिस्तान में लोग इसे खूब शेयर कर रहे हैं. इंटरव्यू के दौरान अनवर इब्राहिम ने गाजा में हमास के खिलाफ इजरायल की कार्रवाई को साफ-साफ “स्टेट टेररिज्म” (राज्य प्रायोजित आतंकवाद) करार दिया. लेकिन जब उनसे कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले और पाकिस्तान की भूमिका के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने बिल्कुल अलग रुख अपनाया.

जब उनसे पूछा गया कि क्या वे इजरायल की कार्रवाई की तरह पहलगाम हमले को भी पाकिस्तान का स्टेट टेररिज्म मानते हैं, तो उन्होंने कहा, “मैं इतनी दूर नहीं जाऊंगा. मुझे पता है कि भारत में ऐसा कहना बहुत संवेदनशील बात है. लेकिन हां, मैं मोदी जी का करीबी दोस्त हूं.”

जब उनसे और दबाव डालकर पूछा गया कि आतंकवाद की वजह से भारत में हजारों लोग मारे गए हैं और पाकिस्तान की निंदा करने में वे इतने सीधे क्यों नहीं हैं, तो उन्होंने जवाब दिया, “यह बात साबित होनी चाहिए. मेरी इंटेलिजेंस एजेंसी या भारत के साथ बातचीत में मुझे कभी ऐसा कोई ठोस सबूत नहीं मिला, जिससे यह साबित हो कि वहां ‘स्टेट-स्पॉन्सर्ड टेररिज्म’ हो रहा है. इसलिए मलेशिया के प्रधानमंत्री के तौर पर मैं सिर्फ उन्हीं तथ्यों का जिक्र करूंगा.”

उन्होंने यह भी कहा कि आतंकी घटनाएं हुई हैं, लेकिन इन्हें सरकार द्वारा प्रायोजित साबित करने वाले ठोस सबूत उनके पास नहीं हैं. साथ ही उन्होंने भारत के साथ इंटेलिजेंस और डिफेंस सहयोग को गहरा बताया. यह बयान भारतीय पक्ष के लिए निराशाजनक रहा, क्योंकि भारत ने पहलगाम हमले (अप्रैल 2025) में पाकिस्तानी लश्कर-ए-तैयबा और उसके प्रॉक्सी ग्रुप की भूमिका साफ बताई है. वहीं पाकिस्तान में इस इंटरव्यू क्लिप को खूब प्रचारित किया जा रहा है. अनवर इब्राहिम भारत-पाकिस्तान दोनों के साथ अच्छे संबंध रखने की कोशिश में दिखे, लेकिन दोहरे मानदंड का आरोप भी उन पर लग रहा है.

Recent News