एलएसी पर PLA ने घटाए सैनिक, भारत-चीन वार्ता से उत्तरी सीमा पर स्थिरता बढ़ी, आर्मी रिपोर्ट में खुलासा

Amanat Ansari 14 Sep 2026 11:24 AM 1 Mins
एलएसी पर PLA ने घटाए सैनिक, भारत-चीन वार्ता से उत्तरी सीमा पर स्थिरता बढ़ी, आर्मी रिपोर्ट में खुलासा

नई दिल्ली: भारतीय सेना की वार्षिक रिपोर्ट 2025-26 में बड़ा खुलासा हुआ है. चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) ने 2025 में उत्तरी सीमाओं (Northern Borders) पर अपनी सैनिक तैनाती में उल्लेखनीय कमी की है. रिपोर्ट के अनुसार, अब वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) के सामने और पारंपरिक ट्रेनिंग क्षेत्रों में करीब 10 कंबाइंड आर्म्स ब्रिगेड आकार की फौजें तैनात हैं. भारतीय सेना का कहना है कि उसकी अपनी तैनाती सभी सेक्टरों में मजबूत और किसी भी चुनौती से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है.

सेना ने उत्तरी सीमा पर बढ़ी स्थिरता का श्रेय भारत-चीन के बीच सकारात्मक राजनीतिक, कूटनीतिक और सैन्य स्तर की बातचीत को दिया है. वर्ष के दौरान सैन्य संवाद फिर शुरू हुए, जिसमें अक्टूबर 2025 में पूर्वी लद्दाख में 23वीं कोर कमांडर स्तर की बैठक शामिल है. सभी सेक्टरों में बॉर्डर पर्सनेल मीटिंग्स भी सौहार्दपूर्ण माहौल में जारी रहीं.

रिपोर्ट में जम्मू-कश्मीर की सुरक्षा स्थिति को “पूरी तरह नियंत्रण में” बताया गया है. हिंसा के स्तर में कमी आई, प्रदर्शन घटे और पत्थरबाजी की घटनाएं शून्य रहीं. 2025 में 6 घुसपैठ के प्रयास हुए, जिनमें 12 पाकिस्तानी आतंकियों को बेअसर किया गया.

पश्चिमी सीमा पर ड्रोन खतरा बढ़ा. 863 ड्रोन घुसपैठ दर्ज की गईं, जिनमें से 237 को मार गिराया गया. इनमें से कई ड्रग्स और हथियार ले जा रहे थे.
सेना ने ऑपरेशन सिंदूर से मिले सबक का भी जिक्र किया और कहा कि क्षमता अंतराल की समीक्षा के साथ फोर्स रिस्ट्रक्चरिंग, जॉइंटनेस और नई तकनीक पर फोकस किया जा रहा है. कुल मिलाकर, रिपोर्ट उत्तरी सीमा पर स्थिरता के संकेत देती है, लेकिन भारतीय सेना सतर्क और तैयार बनी हुई है.

PLA LAC India China

Recent News