नई दिल्ली: भारत ने रविवार को ओमान तट के पास वाणिज्यिक जहाज MT El Gaia पर हुए हमले की कड़ी निंदा की है. विदेश मंत्रालय (MEA) ने कहा कि जहाज पर सवार 14 भारतीय क्रू सदस्यों में से 13 को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि एक भारतीय की तलाश और बचाव अभियान जारी है.
MEA के बयान में कहा गया, “हम ओमान तट पर वाणिज्यिक जहाज MT El Gaia पर आज सुबह हुए हमले की निंदा करते हैं. 14 भारतीय क्रू में से 13 भारतीयों को अब तक बचा लिया गया है. लापता भारतीय नागरिक के लिए सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है.”
भारतीय दूतावास ओमान अधिकारियों के साथ समन्वय कर स्थिति पर नजर रख रहा है. MEA ने ओमान सरकार का धन्यवाद भी किया जिन्होंने बचाव अभियान में सहयोग दिया.
भारत ने क्षेत्र में तनाव कम करने और संवाद व कूटनीति के जरिए शांति बहाल करने की अपील दोहराई. बयान में कहा गया कि वाणिज्यिक शिपिंग, नाविकों, नागरिकों और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना अस्वीकार्य है. साथ ही अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों से सुरक्षित और मुक्त नेविगेशन तथा व्यापार बहाल करने की भी मांग की गई.
यह घटना स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के आसपास बढ़ते तनाव के बीच हुई है. इसी दौरान कश्म द्वीप के पास एक ईरानी कार्गो जहाज पर भी हमले की खबर आई, जिसमें एक की मौत और चार घायल होने की रिपोर्ट है. भारत लगातार क्षेत्र में वाणिज्यिक जहाजों पर हमलों को लेकर चिंता जताता रहा है और शांति के लिए कूटनीतिक प्रयासों पर जोर देता आ रहा है.