मुलायम की बदलेगी परंपरा, अखिलेश का 2027 मास्टरप्लान! अब 'एक यूपी-एक घोषणा-पत्र’ नहीं, 75 जिलों के लिए 75 विजन

Global Bharat 14 Sep 2026 11:53 AM 1 Mins
मुलायम की बदलेगी परंपरा, अखिलेश का 2027 मास्टरप्लान! अब 'एक यूपी-एक घोषणा-पत्र’ नहीं, 75 जिलों के लिए 75 विजन

लखनऊ : उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपनी चुनावी रणनीति में बड़ा बदलाव करने की तैयारी शुरू कर दी है. पार्टी अब पहली बार पूरे प्रदेश के लिए एक ही घोषणा-पत्र जारी करने की पुरानी परंपरा से अलग हटकर जिलेवार माइक्रो लेवल घोषणा-पत्र तैयार करने जा रही है. यानी यूपी के 75 जिलों के लिए 75 अलग विजन सामने रखने की तैयारी है.

मुलायम सिंह यादव के दौर से समाजवादी पार्टी आमतौर पर पूरे उत्तर प्रदेश के लिए एक केंद्रीय चुनावी घोषणा-पत्र जारी करती रही है, लेकिन 2027 के चुनाव में पार्टी की रणनीति को स्थानीय मुद्दों और जिले की जरूरतों से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है. इसके तहत मतदाताओं से सिर्फ यह नहीं कहा जाएगा कि सत्ता में आने पर प्रदेश के लिए क्या किया जाएगा, बल्कि सीधे बताया जाएगा कि उनके जिले में क्या बदलेगा और कौन-कौन से काम कराए जाएंगे.

पार्टी संगठन को जिला स्तर पर स्थानीय समस्याओं का विस्तृत खाका तैयार करने के निर्देश दिए जाने की बात सामने आई है. जिला नेताओं से अपने-अपने क्षेत्रों की पांच सबसे बड़ी समस्याओं की पहचान करने को कहा जा रहा है. इसके साथ ही लंबे समय से बंद या अधूरे पड़े प्रोजेक्ट, स्थानीय विकास की अड़चनें और रोजगार की संभावनाओं वाली योजनाओं की जानकारी भी जुटाई जाएगी.

इस रणनीति के पीछे सपा का मकसद चुनावी वादों को ज्यादा स्थानीय और मतदाताओं से सीधे जुड़ा बनाना माना जा रहा है. पार्टी हर जिले की अलग जरूरत के हिसाब से घोषणाओं को तैयार करके स्थानीय वोटरों तक पहुंच बनाने की कोशिश करेगी.

अगर यह रणनीति जमीन पर पूरी तरह लागू होती है तो 2027 का सपा चुनाव अभियान प्रदेशव्यापी मुद्दों के साथ-साथ जिले-दर-जिले स्थानीय एजेंडे पर भी केंद्रित दिखाई दे सकता है. इससे उम्मीदवारों को भी अपने क्षेत्र के मुद्दों के साथ प्रचार करने के लिए एक स्पष्ट रोडमैप मिल सकता है.

Akhilesh Yadav 2027 Strategy UP Election 2027 SP Micro Manifesto 75 Districts 75 Manifestos Samajwadi Party Manifesto

Description of the author

Recent News