नई दिल्ली : अबूधाबी से लखनऊ आ रही इंडिगो की फ्लाइट में बुधवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक यात्री ने विमान के अंदर ही सिगरेट जला ली. सीट पर बैठे-बैठे सिगरेट पी रहे यात्री की हरकत पर महिला क्रू मेंबर की नजर पड़ गई. उन्होंने तत्काल यात्री को टोका, जिसके बाद उसने सिगरेट बुझा दी. विमान के लखनऊ पहुंचने के बाद मामले की सूचना केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) को दी गई.
जानकारी के मुताबिक, इंडिगो की फ्लाइट 6E-1416 मंगलवार रात करीब 1:25 बजे अबूधाबी से लखनऊ के लिए रवाना हुई थी. बुधवार सुबह लगभग 8:25 बजे विमान अमौसी एयरपोर्ट पर उतरा. उड़ान के दौरान आजमगढ़ के सिरवान निवासी अब्दुल अजीज ने कथित तौर पर अपने पास छिपाकर रखे लाइटर से सिगरेट जलाई. सिगरेट के धुएं से आसपास का माहौल प्रभावित हुआ, जिसके बाद केबिन क्रू ने तत्काल हस्तक्षेप किया.
क्रू मेंबर के टोकने पर अब्दुल ने सिगरेट बुझा दी. हालांकि, विमान की लैंडिंग के बाद एयरलाइन की ओर से मामले की जानकारी सुरक्षा एजेंसियों को दी गई. CISF जवानों ने अब्दुल अजीज को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की. इसके बाद उसे आगे की कार्रवाई के लिए सरोजनीनगर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया.
बताया जा रहा है कि अब्दुल अजीज अबूधाबी में मजदूरी करता है और काम के सिलसिले में वहां रहता था. विमान के भीतर धूम्रपान करना और लाइटर लेकर सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करना विमानन सुरक्षा के लिहाज से गंभीर मामला माना जाता है.
फिलहाल पुलिस यात्री से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वह लाइटर विमान के अंदर कैसे ले गया. इस घटना ने एक बार फिर उड़ान के दौरान सुरक्षा नियमों के पालन को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं.