कोलकाता: तृणमूल कांग्रेस (TMC) के कैमक स्ट्रीट स्थित पार्टी ऑफिस पर गुरुवार सुबह करीब 4:30 बजे हुई तोड़फोड़ और लूट की घटना के वीडियो वायरल हो गए हैं. वीडियो में मास्क और हेलमेट पहने कई लोग ऑफिस से टीवी स्क्रीन, प्रिंटर और अन्य सामान लेकर बाहर निकलते दिख रहे हैं. अंदर टूटा-फूटा फर्नीचर, बिखरे हुए टुकड़े और क्षतिग्रस्त इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी नजर आ रहे हैं.
TMC के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया कि BJP के हथियारबंद गुंडों ने ऑफिस पर हमला किया. उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करते हुए कहा कि हमलावरों ने अंदर मौजूद लोगों पर हमला किया, उनके फोन छीन लिए, फर्नीचर तोड़ दिया, परिसर को लूट लिया और इलेक्ट्रॉनिक सामान नष्ट कर दिया. अभिषेक ने इसे “कानून के शासन पर शर्मनाक हमला” बताया.
उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार कॉल और ईमेल करने के बावजूद कोलकाता पुलिस करीब दो घंटे तक जवाब नहीं दी. अभिषेक ने मांग की कि हमले में शामिल हर व्यक्ति को तुरंत गिरफ्तार किया जाए और यह पता लगाया जाए कि इस हिंसा की योजना किसने बनाई, संगठित और निर्देशित की. उन्होंने पुलिस की कथित निष्क्रियता की भी जांच की मांग की. पुलिस ने बताया कि सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची. अब तक छह लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है.
CCTV फुटेज सुरक्षित कर लिया गया है और जांच जारी है. ऑफिस में मौजूद लोगों के बयान भी लिए जा रहे हैं. यह घटना अभिषेक बनर्जी के कैमक स्ट्रीट ऑफिस को लेकर चल रहे विवाद के बीच हुई है. कुछ दिन पहले पश्चिम बंगाल पुलिस ने कथित अवैध होर्डिंग हटाने के दौरान पुलिस कर्मियों के रास्ते में बाधा डालने और हमले के आरोप में अभिषेक बनर्जी, TMC सांसद डेरेक ओ’ब्रायन और अन्य के खिलाफ FIR दर्ज की थी.
BJP ने आरोपों से इनकार किया है और इसे TMC द्वारा स्टेज किया गया बताया है. अभिषेक बनर्जी ने राज्यपाल, केंद्रीय गृह मंत्री और प्रधानमंत्री कार्यालय से कार्रवाई की अपील की है और कहा है कि कलकत्ता हाईकोर्ट को भी इस पर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए. घटना की पूरी जांच चल रही है.