गुवाहाटी: असम के गुवाहाटी में एक सनसनीखेज हत्याकांड ने फिर से सुर्खियां बटोर ली हैं. अपनी पत्नी रिया तालुकदार का सिर काटकर फ्रिज में रखने वाले आरोपी पति रामानुज गोस्वामी की सोमवार तड़के मौत हो गई. पुलिस उसे मेडिकल जांच के लिए ले जा रही थी, तभी वह चलती गाड़ी से कूद गया.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, रामानुज गोस्वामी (करीब 30 वर्ष) को गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (GMCH) ले जाते समय नरकासुर पहाड़ी के पास चलती पुलिस गाड़ी से कूद पड़ा. सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई. उसे सोमवार को अदालत में पेश किया जाना था क्योंकि उसकी सात दिन की पुलिस कस्टडी रविवार को खत्म हो चुकी थी.
क्या था पूरा मामला?
रामानुज गोस्वामी और रिया तालुकदार (25) की शादी पिछले साल 22 सितंबर को हुई थी. दोनों गुवाहाटी के बेलटोला इलाके के बसिष्ठापुर में एक फ्लैट में रहते थे. रामानुज कैब ड्राइवर था जबकि रिया एक बुटीक में काम करती थी. 3 सितंबर की सुबह दोनों के बीच कथित एक्स्ट्रा-मैरिटल अफेयर को लेकर तीखी बहस हुई. पुलिस के अनुसार, गुस्से में आकर रामानुज ने पत्नी पर धारदार हथियार (दाओ) से हमला कर दिया, उसका सिर धड़ से अलग कर दिया और कुछ उंगलियां भी काट दीं. कटे हुए सिर को पॉलीथीन बैग में रखकर फ्रिज में छिपा दिया. पड़ोसियों को फ्लैट से बदबू आने पर शिकायत हुई. 6 सितंबर की रात रामानुज ने खुद पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया. उसी रात पुलिस ने रिया का शव और फ्रिज से कटा सिर बरामद किया.
‘कोई पछतावा नहीं... शुगर डैडी को भी मारूंगा’
हिरासत में रहते हुए रामानुज ने मीडिया से बात करते हुए कहा था कि उसे अपने किए पर “कोई पछतावा नहीं” है और वह “माफी नहीं मांगेगा”. उसने यह भी कसम खाई थी कि जेल से बाहर आने पर वह रिया के कथित ‘शुगर डैडी’ को भी मार डालेगा. सूत्रों के मुताबिक, आरोपी नशीले पदार्थों का सेवन करता था और पहले रिहैब सेंटर में इलाज भी करवा चुका था. यह मामला श्रद्धा वाकर हत्याकांड की याद दिलाता है. पुलिस जांच जारी है. आरोपी की मौत के बाद अब इस क्रूर हत्याकांड का एक अध्याय तो बंद हो गया, लेकिन सवाल बाकी हैं.