भोपाल पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर छापा, 500 रुपए एंट्री के बाद शुरू होता था सौदा, 10 युवतियां, 12 युवक हिरासत में

Amanat Ansari 13 Sep 2026 08:10 PM 1 Mins
भोपाल पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर छापा, 500 रुपए एंट्री के बाद शुरू होता था सौदा, 10 युवतियां, 12 युवक हिरासत में

Raid on spa center: भोपाल के पिपलानी क्षेत्र में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात हड़कंप मच गया जब पुलिस ने पिंक स्पा (पिंक वाइब्स स्पा) सेंटर पर अचानक छापा मार दिया. पुलिस कमिश्नर संजय कुमार के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई में 10 युवतियों और 12 युवकों समेत कुल 22 लोगों को हिरासत में लिया गया.

स्थानीय लोगों ने जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान इस स्पा सेंटर में देर रात तक युवक-युवतियों की संदिग्ध आवाजाही और अनैतिक गतिविधियों की शिकायत की थी. शिकायत पर गोपनीय जांच कराई गई और पुष्टि होने के बाद आधी रात को दबिश दी गई. खास बात यह रही कि स्थानीय थाना पुलिस को भी इस कार्रवाई की भनक पहले से नहीं थी.

पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि सेंटर में प्रवेश के लिए 500 रुपये शुल्क लिया जाता था. इसके बाद युवतियों से अलग से सौदा किए जाने की बात सामने आई है. मौके से संदिग्ध गतिविधियों से जुड़ी आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद हुई. कुछ रिपोर्ट्स के अनुसार, 9 कमरों में से 5 कमरों में युवक-युवतियां आपत्तिजनक हालत में मिले.

पुलिस अब स्पा सेंटर के लाइसेंस, दस्तावेजों, संचालकों और कर्मचारियों की भूमिका की जांच कर रही है. पूछताछ पूरी होने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. कुछ आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम की धाराओं में केस दर्ज किए जाने की भी जानकारी है. यह कार्रवाई स्पा सेंटरों की आड़ में चल रही संदिग्ध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस की सख्ती को दर्शाती है.

Recent News