नई दिल्ली/इंदौर: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सोमवार को मध्य प्रदेश के इंदौर में होने वाले अपने कार्यक्रम ‘छात्रों की गूंज’ के लिए छात्रों को आमंत्रित किया है. कार्यक्रम 19 सितंबर को होगा. राहुल गांधी ने एक्स पर हिंदी में पोस्ट कर लिखा कि मैं 19 सितंबर को इंदौर आ रहा हूं. छात्रों से मिलने, आपको सुनने और आपसे बात करने. अगर आप या आपके परिजन शिक्षा व्यवस्था से तड़प रहे हैं और चाहते हैं कि ये हालात बदलें, तो जान लीजिए ‘छात्रों की गूंज’ आपकी सामूहिक आवाज है, बदलाव शुरू करने का मौका है.
उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे दिए गए लिंक के जरिए रजिस्टर करें और बड़ी संख्या में शामिल हों. राहुल ने कहा, “इंदौर में हम शिक्षा के हर पहलू और आपकी तकलीफों पर विस्तार से चर्चा करेंगे.” ‘छात्रों की गूंज’ का यह पांचवां संस्करण होगा. इससे पहले राहुल गांधी कोटा, देहरादून, प्रयागराज और पुणे में यह कार्यक्रम आयोजित कर चुके हैं. पुणे वाला कार्यक्रम (22 अगस्त) खासतौर पर छात्राओं पर केंद्रित था.
पिछले सप्ताह राहुल ने कहा था कि भारत की शिक्षा व्यवस्था उस पीढ़ी को विफल कर रही है, जिसके लिए वह बनी थी. उन्होंने छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों से अनुभव, सबूत और सुझाव साझा करने की अपील की थी. इंदौर दौरे से पहले मध्य प्रदेश में कांग्रेस और भाजपा के बीच जुबानी जंग छिड़ गई है. मुख्यमंत्री मोहन यादव ने रविवार को राहुल को “पप्पू” कहकर निशाना साधा और न्यायपालिका तथा सशस्त्र बलों पर उनकी टिप्पणियों पर सवाल उठाए. यादव ने कहा कि राहुल को राज्य आने पर माफी मांगनी चाहिए.
कांग्रेस नेता पीसी शर्मा ने जवाब दिया, “वे उन्हें ‘पप्पू’ कहते रहे, लेकिन अब वे सबके ‘पापा’ बन गए हैं.” भाजपा नेताओं ने शर्मा के बयान पर भी आपत्ति जताई. 19 सितंबर को इंदौर में राहुल गांधी छात्रों से सीधे संवाद करेंगे और शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी उनकी समस्याओं पर चर्चा करेंगे.