राजस्थान निकाय चुनाव में BJP उम्मीदवार को सिर्फ 1 वोट! बोले- ‘किसी ने मेरे लिए वोट दे दिया’

Amanat Ansari 14 Sep 2026 05:45 PM 1 Mins
राजस्थान निकाय चुनाव में BJP उम्मीदवार को सिर्फ 1 वोट! बोले- ‘किसी ने मेरे लिए वोट दे दिया’

जयपुर: राजस्थान के शहरी स्थानीय निकाय चुनावों में एक दिलचस्प और चौंकाने वाला नतीजा सामने आया है. बीजेपी के उम्मीदवार कैलाशचंद को अपने वार्ड से महज एक वोट मिला. कैलाशचंद ने दीदवाना-कुचामान जिले की परबतसर नगर पालिका के वार्ड नंबर 13 से चुनाव लड़ा था. राज्य चुनाव आयोग की वेबसाइट के अनुसार, इस वार्ड में कांग्रेस प्रत्याशी हिना खानम 376 वोट लेकर विजयी रहीं.

निर्दलीय उम्मीदवार राशिद खान 195 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर रहे. कैलाशचंद ने पीटीआई से बातचीत में कहा, “मुझे एक वोट मिला है. मेरा वोट वार्ड 12 में है. मुझे पड़ोसी वार्ड 13 से मैदान में उतारा गया था. उस वार्ड के किसी व्यक्ति ने मेरे लिए वोट दे दिया.”

परबतसर नगर पालिका में कुल 25 वार्ड हैं. इनमें कांग्रेस ने 13 और बीजेपी ने 12 वार्ड जीते. कैलाशचंद का सिर्फ एक वोट पाना पूरे राज्य में चर्चा का विषय बन गया, जहां 309 नगरीय निकायों में 10,000 से ज्यादा पार्षद पदों के लिए मतगणना चल रही थी. यह घटना निकाय चुनावों के दौरान सामने आई उन अनोखी कहानियों में से एक है, जो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रही है.

Rajasthan local body elections BJP candidate Kailashchand Congress candidate Hina Khanam Parbatsar municipality

Recent News