स्वामी प्रसाद मौर्य को क्यों मारा थप्पड़? आरोपी ने बताई हैरान करने वाली वजह...

Abhishek Chaturvedi 06 Aug 2025 04:02: PM 2 Mins
स्वामी प्रसाद मौर्य को क्यों मारा थप्पड़? आरोपी ने बताई हैरान करने वाली वजह...

लखनऊ: स्वामी प्रसाद मौर्य को जिन दो लड़कों ने थप्पड़ जड़ा, उनकी कुंडली खुल चुकी है. एक लड़के का नाम है रोहित द्विवेदी, जिसने स्वामी प्रसाद मौर्य के कार से उतरते ही थप्पड़ जड़ दिया, जिसके बाद स्वामी प्रसाद मौर्य जब चिल्लाए तो पास खड़े कार्यकर्ताओं ने उसे पकड़ लिया, और इतना पीटा कि उसका चेहरा खून से लथपथ हो गया. उसका साथी जब उसे बचाने पहुंचा तो उसे भी लोगों ने पकड़ लिया, और उसके कपड़े फट गए. इसी दौरान उससे जब पूछा गया कि क्यों मारा तो उसने कहा, ''मैं करणी सेना से जुड़ा हूं. स्वामी प्रसाद ने ब्राह्मण जाति को कई बार गाली दी. सनातन धर्म के खिलाफ बोलते हैं. भगवान राम के खिलाफ बोलते हैं, इसलिए हमला किया.''

कहा ये भी जा रहा है कि स्वामी प्रसाद मौर्य ने सीएम योगी के खिलाफ भी बीते दिनों टिप्पणी की थी, जिसकी वजह से ये लोग नाराज थे. पूरे मामले को लेकर सीओ सिटी अमित कुमार ने कहा, ''स्वामी प्रसाद फतेहपुर जा रहे थे. दोपहर करीब एक बजे यहां सारस चौराहे पर कार्यकर्ताओं की भीड़ देखकर उनका काफिला रुक गया. उसी दौरान कार्यकर्ता उनको माला पहना रहे थे, तभी एक लड़का पीछे से आया. माला पहनाने के बाद पीछे से उनके सिर पर हाथ मारकर भागने लगा. कार्यकर्ताओं ने उसे पकड़ लिया और पीट दिया. पुलिस ने बीच-बचाव कर दोनों को बचाया.''

हालांकि ये पहली बार नहीं है जब स्वामी प्रसाद मौर्य के साथ ऐसी घटना हुई हो, बल्कि करीब दो साल पहले स्वामी प्रसाद मौर्य पर जूता भी फेंका गया था. तब सपा के पिछड़ा वर्ग के महासम्मेलन में शामिल होने के लिए इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान लखनऊ पहुंचे थे. वो कार से उतरकर अंदर जा रहे थे, तभी युवक ने जूते से उन पर हमला कर दिया. सपा कार्यकर्ताओं ने हमलावर युवक को पकड़कर तब भी पीट दिया था. अब स्वामी प्रसाद मौर्य का दावा है कि करणी सेना के नाम पर कुछ कीड़े-मकौड़े योगी सरकार की कानून व्यवस्था की धज्जियां उड़ा रहे. सरकार गुंगी-बहरी अंधी बनकर तमाशा देख रही. ये हमला पुलिस की मौजूदगी में हुआ, जो दिखाता है कि गुंडे माफिया कितने बेखौफ होकर घूम रहे.

हालांकि स्वामी प्रसाद मौर्य के इस बयान पर कई लोग ये भी कह रहे हैं कि इन्हें आपत्तिजनक बयान देने से बचना चाहिए, इनके 4 ऐसे बयान आपको बताते हैं, जिसे लेकर खूब सवाल खड़े हुए...

  • बयान नंबर 1- हिंदू शब्द फारसी से आया है, जिसका मतलब होता है अधम औऱ नीच
  • बयान नंबर 2- हिंदू कोई धर्म नहीं धोखा है, धर्म होता तो सबका सम्मान भी होता
  • बयान नंबर 3- रामचरितमानस में आपत्तिजनक अंश है, इसे बैन कर देना चाहिए
  • बयान नंबर 4- धीरेन्द्र शास्त्री ढोंग फैला रहे हैं, इन्हें जेल में डाल देना चाहिए

हालांकि इस बयान को लेकर धीरेन्द्र शास्त्री के समर्थकों ने आपत्ति भी जताई थी, रामचरितमानस पर इनके दिए बयान को लेकर देश के कई हिस्सों में प्रदर्शन भी हुआ था. और अब जब स्वामी प्रसाद मौर्य का नया वीडियो सामने आय़ा है तो लोग कई तरह की बातें कर रहे हैं. 

Raebareli news up news swami prasad maurya Lucknow News

Recent News