बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता और राजनेता गोविंदा को मंगलवार को एक गंभीर चोट लगी. गोविंदा को उनके ही लाइसेंसी रिवाल्वर से गोली लगी. इसके तुरंत बाद, उन्हें मुंबई के क्रिटिकल केयर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी गोली निकाल दी गई. तीन दिनों की निगरानी के बाद, गोविंदा ने अस्पताल से छुट्टी ले ली, लेकिन उन्हें अगले छह सप्ताह तक बिस्तर पर आराम करने की सलाह दी गई है.
आपको बता दें, हॉस्पिटल से डिस्चार्ज होते वक्त गोविंदा को व्हीलचेयर पर अस्पताल से बाहर आते हुए देखा गया. इस दौरान उन्होंने सभी का धन्यवाद किया. उनके साथ उनकी बेटी टीना और पत्नी सुनीता भी थीं. मीडिया से बात करते हुए गोविंदा ने कहा, "जहां जहां पूजा हुई, दुआएं पढ़ी गई, जहां अरदास हुई.. मैं सबका धन्यवाद करता हूं. राज्य से जुड़े पुलिस विभाग और माननीय शिंदे साहब का भी धन्यवाद करता हूं. यह सब आपके आशीर्वाद से ही संभव हुआ है. जय माता दी."

गौरतलब हो यह घटना मंगलवार सुबह लगभग 4:45 बजे हुई. गोविंदा को कोलकाता जाना था और वह अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर की सफाई कर रहे थे. उसी दौरान, पिस्टल उनके हाथ से गिर गई और गलती से एक गोली उनके पैर में लग गई. उनकी पिस्टल में कुल छह गोलियां थीं. घर में मौजूद लोगों ने गोली चलने की आवाज सुनी और तुरंत उन्हें अस्पताल ले गए.
उनकी पत्नी सुनीता उस समय घर पर नहीं थीं, बल्कि कोलकाता में थीं. गोविंदा के अस्पताल में भर्ती होने के दौरान उनके परिवार के सदस्य उनका हाल जानने पहुंचे. जब यह खबर फैली कि गोविंदा को गोली लगी है, तो उनके समर्थक चिंतित हो गए. इस बीच, गोविंदा ने आईसीयू से एक ऑडियो संदेश जारी किया, जिसमें उन्होंने कहा, "मैं अब खतरे से बाहर हूं. यह एक दुर्घटना थी. बाबा का आशीर्वाद है. मैं अपने डॉक्टरों का आभार व्यक्त करता हूं. आप सभी का भी धन्यवाद."
चूंकि यह एक गोली चलने का मामला था, पुलिस ने इसकी गहन जांच की. डीसीपी दिक्षित गेडाम ने बताया कि यह मामला एक दुर्घटना ही है. उन्हें इसमें कोई गड़बड़ी या साजिश नहीं दिखाई दी. इसलिए, अभी तक इस मामले में कोई केस दर्ज नहीं किया गया है. गोविंदा की लाइसेंसी रिवॉल्वर ही गोली चलाने का कारण बनी. पुलिस ने उनके परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज कर लिए हैं, लेकिन गोविंदा का बयान अभी तक नहीं लिया गया है.