मुंबई: मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एक चौंकाने वाला ड्रग्स तस्करी का मामला सामने आया है. केरल की 28 वर्षीय मॉडल और पूर्व मिस केरल 2025 प्रतियोगी हर्षा सनी को एयरपोर्ट कस्टम अधिकारियों ने 11 किलो से अधिक हाई-ग्रेड हाइड्रोपोनिक मारिजुआना (गांजा) के साथ गिरफ्तार कर लिया.
हर्षा सनी 10-11 जून की रात बैंकॉक से एयर इंडिया की फ्लाइट TG-351 से मुंबई पहुंची थी. एयर इंटेलिजेंस यूनिट (AIU) और कस्टम्स अधिकारियों को उनकी संदिग्ध हरकतों पर शक हुआ, जिसके बाद उनकी तलाशी ली गई. ट्रॉली बैग से 12 वैक्यूम-सील्ड पैकेट्स बरामद हुए, जिनमें हरा पदार्थ भरा था. NDPS किट से हुई तत्काल जांच में यह पदार्थ हाइड्रोपोनिक मारिजुआना पाया गया.
अधिकारियों के अनुसार, बरामद ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय बाजार मूल्य 11.82 करोड़ रुपये है. हर्षा सनी को NDPS एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया गया और मुंबई के फोर्ट कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. पुलिस और कस्टम्स अब यह पता लगाने में जुटे हैं कि यह ड्रग्स किसे सप्लाई करने के लिए लाया गया था और क्या हर्षा किसी बड़े तस्करी रैकेट का हिस्सा है.
हाल ही में एक और बड़ा केस
इससे पहले चेन्नई एयरपोर्ट पर डीआरआई अधिकारियों ने मलेशिया जाने वाले एक यात्री सिवायोगेश्वरन राजकुमार से 5 किलो क्रिस्टल मेथाम्फेटामाइन (कीमत करीब 5 करोड़ रुपये) बरामद किया था.
यह मामला कन्नड़ अभिनेत्री रण्या राव के 2025 के सोने की तस्करी वाले मामले की याद दिलाता है, जिसमें 14 किलो सोना बरामद हुआ था और कुल मूल्य 102 करोड़ रुपये से अधिक था. एयरपोर्ट्स पर अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी के बढ़ते प्रयासों को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं.