मुंबई: आध्यात्मिक ड्रामा फिल्म ‘हनुमान अंश’ बॉक्स ऑफिस पर अपना जादू चला रही है. फिल्म ने अपने 41वें दिन दुनियाभर में 300 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है. कुल वर्ल्डवाइड कलेक्शन 300.25 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है. सैक्निलक के आंकड़ों के मुताबिक, बुधवार को फिल्म ने भारत में 6 करोड़ रुपये कमाए. मंगलवार को यह आंकड़ा 8.25 करोड़ था, यानी 27.3 प्रतिशत की गिरावट आई.
41 दिनों में भारत का नेट कलेक्शन 237.13 करोड़ और ग्रॉस कलेक्शन 280 करोड़ रुपये हो गया है. फिल्म अभी अपने छठे हफ्ते में चल रही है. ‘हनुमान अंश’ की शुरुआत आसान नहीं थी. रिलीज के बाद ‘बंटवारा 1947’ और ‘आवारापन 2’ जैसी फिल्मों के आने से इसकी स्क्रीन घटकर सिर्फ 25 रह गई थीं. लेकिन ‘बंटवारा 1947’ के उम्मीद से कम प्रदर्शन के बाद ‘हनुमान अंश’ की स्क्रीन संख्या धीरे-धीरे बढ़ने लगी. दर्शकों का रिस्पॉन्स भी बेहतर हुआ और लोग सिनेमाघरों में उमड़ने लगे.
फिल्म की कहानी
विशाल चतुर्वेदी द्वारा लिखित और निर्देशित यह फिल्म उत्तराखंड के प्रसिद्ध संत बाबा नीम करौली (असली नाम लक्ष्मण नारायण शर्मा) के जीवन पर आधारित है. महज 1.75 करोड़ रुपये के बजट में बनी फिल्म में शोभिनव सत्य मुख्य भूमिका में हैं. कहानी एक युवा लक्ष्मी नारायण की है, जो अपनी मां की मृत्यु के बाद भगवान की खोज में आध्यात्मिक यात्रा पर निकल पड़ता है. जीवन, मृत्यु और दुखों के सवालों के जवाब तलाशते हुए वह अंत में नीम करौली बाबा बन जाते हैं. उनकी प्रेम, सेवा और करुणा की शिक्षाओं ने अनगिनत लोगों को प्रभावित किया.
फिल्म में विहान शेडगे, चंदन के आनंद, पूर्णिमा तिवारी, अनिल रस्तोगी, गुलशन पांडे और भगवानदास पटेल भी अहम भूमिकाओं में नजर आते हैं. कम बजट में इतनी बड़ी सफलता हासिल करने वाली ‘हनुमान अंश’ दर्शकों के प्यार की मिसाल बन गई है.