मुंबई: पुरानी बॉलीवुड अभिनेत्री मंदाकिनी ने अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के साथ अपनी विवादित तस्वीर पर सालों बाद सफाई दी है. हाल ही में यह फोटो एक बार फिर सोशल मीडिया पर वायरल हो गई थी, जिसके बाद मंदाकिनी ने ANI को दिए इंटरव्यू में पूरा मामला साफ किया. मंदाकिनी ने कहा कि दाऊद इब्राहिम ने उन्हें दुबई इनवाइट नहीं किया था. वह एक प्रोफेशनल शो के सिलसिले में दुबई गई थीं.
बाद में वह एक क्रिकेट मैच देखने गईं, जहां यह तस्वीर ली गई थी. वहां कई लोग मौजूद थे. उन्होंने बताया, ''लोग जो चाहें लिखें या बोलें, हमारा उस पर कोई कंट्रोल नहीं होता. एक आर्टिस्ट हजारों लोगों से मिलता है और हमारे लिए सब बराबर हैं. वहां बहुत सारे लोग साथ में थे. किसके साथ मिलें और किसके साथ नहीं… हम वहां किसी शो के लिए गए थे. मुझे दाऊद ने इनवाइट नहीं किया था. मुझे अंदाजा नहीं था कि इसके बाद चीजें पूरी तरह से बदल जाएंगी.''
मंदाकिनी ने कहा कि उस समय उन्हें इस तस्वीर के असर का अंदाजा नहीं था. जब फोटो सामने आई तो तरह-तरह की खबरें और अटकलें शुरू हो गईं. इस विवाद ने उनके फिल्मी करियर पर बुरा असर डाला. बाद में उन्हें समझ आया कि ऐसी स्थितियों को संभालने के लिए एक टीम का होना कितना जरूरी है. उन्होंने हर जगह इन अफवाहों का खंडन किया.
मंदाकिनी ने 1985 में राज कपूर की फिल्म ‘राम तेरी गंगा मैली’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया था. राजीव कपूर के साथ की गई यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त हिट रही और वे रातों-रात स्टार बन गईं. इसके बाद उन्होंने ‘जीवा’, ‘डांस डांस’, ‘प्यार करके देखो’, ‘कमांडो’ जैसी फिल्मों में काम किया. उनकी आखिरी फिल्म 1996 में ‘जोरदार’ थी, जिसके बाद उन्होंने मुख्यधारा के सिनेमा से दूरी बना ली.