ब्रेकअप के बाद बदला! पूर्व प्रेमी ने प्रेमिका के घर पर फेंके पेट्रोल बम

Amanat Ansari 26 May 2026 12:33: AM 1 Mins
ब्रेकअप के बाद बदला! पूर्व प्रेमी ने प्रेमिका के घर पर फेंके पेट्रोल बम

कोयंबटूर: तमिलनाडु के कोयंबटूर जिले के थोंडामुथुर इलाके में ब्रेकअप से बौखलाए एक युवक ने अपनी पूर्व प्रेमिका के घर पर पेट्रोल बम से हमला कर दिया. सीसीटीवी फुटेज में पूरी घटना कैद हो गई है, जिसमें मोटरसाइकिल सवार युवकों द्वारा घर पर आग के गोले फेंकते देखा जा सकता है. रविवार शाम दो युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर घर के पास पहुंचे.

आरोपियों ने केरोसिन से भरी बोतलें घर की ओर फेंकी. एक बोतल जूतों के रैक के पास फट गई, जिससे आग लग गई और धुआं फैल गया. स्कूटी के पास भी आग की लपटें उठीं. हालांकि इस हमले में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है. पुलिस ने मुख्य आरोपी की पहचान चेन्नई के कार्तिक उर्फ मारियप्पन के रूप में की है. वह युवती का पूर्व प्रेमी है.

कॉलेज के दिनों में दोनों का रिश्ता था, लेकिन जब युवती को पता चला कि कार्तिक पर हत्या, डकैती समेत 31 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं, तो उसने रिश्ता तोड़ लिया. ब्रेकअप के बाद कार्तिक युवती को लगातार परेशान करता रहा. हमले से पहले वह तीन साथियों के साथ दो मोटरसाइकिलों पर पहुंचा और युवती के पिता सुंदरमूर्ति को धमकियां दीं. इसके बाद पेट्रोल बम फेंके गए.

युवती के पिता की शिकायत पर पुलिस ने कार्तिक और उसके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. आरोपियों की तलाश में विशेष टीमें लगाई गई हैं और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर छानबीन जारी है. यह घटना स्थानीय स्तर पर काफी चर्चा में है और पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है.

Petrol Bomb Attack Tamil Nadu News Breakup Violence Ex boyfriend petrol bombs

Recent News