नकली घी और दानपेटी चोरी के बाद अब तिरुमाला में 54 करोड़ का सिल्क दुपट्टा घोटाला

Amanat Ansari 10 Dec 2025 12:12: PM 1 Mins
नकली घी और दानपेटी चोरी के बाद अब तिरुमाला में 54 करोड़ का सिल्क दुपट्टा घोटाला

Tirumala Dupatta scam: तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (TTD) में एक के बाद एक बड़ा घोटाला सामने आया है. विजिलेंस अधिकारियों ने 2015 से 2025 तक दस साल की अवधि में सिल्क दुपट्टों की खरीद में भारी अनियमितता पकड़ी है. अनुमान है कि इस घोटाले से देवस्थानम को 54 करोड़ रुपए से ज्यादा का नुकसान हुआ है.

नकली लड्डू प्रसाद और परकमणि (दानपेटी) चोरी कांड के बाद अब पता चला है कि ठेकेदार ने 100% सिल्क बताकर पूरी तरह पॉलिएस्टर के दुपट्टे सप्लाई किए. करीब 15,000 दुपट्टे 1,389 रुपए प्रति पीस की दर से खरीदे गए, जबकि लैब टेस्ट में सेंट्रल सिल्क बोर्ड समेत दोनों प्रयोगशालाओं ने पुष्टि की कि ये शुद्ध पॉलिएस्टर के हैं, सिल्क का नामोनिशान नहीं.

TTD चेयरमैन बीआर नायडू ने कहा, “खरीद विभाग में कुछ गड़बड़ियां सामने आई हैं. हमने पूरी जांच ACB (एंटी करप्शन ब्यूरो) को सौंप दी है.” इससे पहले, सितंबर 2024 में तिरुपति लड्डू में पशु चर्बी व मिलावटी घी होने का सनसनीखेज आरोप लगा था. इसके बाद CBI की निगरानी में SIT गठित की गई थी.

29 अप्रैल 2023 को तिरुमाला के निकट एक मठ में क्लर्क सीवी रवि कुमार श्रीवारी हुंडी (दानपेटी) से चंदा चोरी करते पकड़ा गया था. एक के बाद एक ये तीनों घोटाले भक्तों के विश्वास पर बट्टा लगा रहे हैं. विजिलेंस और ACB अब पूरे मामले की गहन जांच कर रही है.

Tirumala Tirupati Devasthanams Tirupati fake ghee Tirupati donation box theft Tirumala dupatta scam

Recent News