पटना: बिहार में लालू यादव (Lalu Yadav) के CM नीतीश कुमार को ऑफर की चर्चा चल रही थी कि एक और खेला हो गया है, जिसके बाद लोग समझ नहीं पा रहे हैं कि आखिरकार बिहार में क्या सिसासी खिचड़ी पक रही है. दरअसल, राजभवन से निकलते समय विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) ने बेहद ही शालिनता के साथ नीतीश कुमार का अभिवादन किया, जिसे देखकर सीएम नीतीश कुमार भी हंस पड़े और तेजस्वी यादव को आशीर्वाद देते नजर आए. हालांकि लालू यादव के ऑफर पर न ही नीतीश कुमार कुछ बोले और न ही तेजस्वी यादव.
बता दें कि बिहार में एक बार फिर उलटफेर की चर्चा जोड़ों पर चल रही है. पहले लालू यादव ने नीतीश कुमार को महागठबंधन में शामिल होने का न्योता दे दिया. फिर कांग्रेस पार्टी ने भी लालू यादव की बांतों को समर्थन दे दिया और लालू यादव की हां में हां मिलाते नजर आए. वहीं, जेडीयू के मंत्री महेश्वरी हजारी ने अपना स्टैंड क्लियर करते हुए कहा है कि राजनीति में ना कोई स्थाई दोस्त होता और ना ही स्थाई दुश्मन. इस बयान के बाद अटकलें और तेज हो गई है कि क्या नीतीश कुमार फिर से महागठबंधन में शामिल होंगे?
वहीं, नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव की तस्वीर की बात करें तो इस फोटो ने बहुत कुछ स्पष्ट कर दिया है. क्योंकि नीतीश कुमार ऐसे नेता माने जाते हैं, जो विरोधियों को कभी माफ नहीं करते और अगर विरोधी दिख भी जाए तो झट से कन्नी काट लेते हैं. इसका अंदाजा आप राम विलास पासवान के निधन के समय से लगा सकते हैं, जब राम विलास पासवान के निधन पर सीएम नीतीश कुमार उनके आवास पर नहीं गए थे.
राजभवन में क्या हुआ?
गुरुवार को बिहार के नए राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान (Arif Mohammad Khan) का शपथ ग्रहण समारोह हुआ, जिसमें सीएम नीतीश कुमार सहित उनके मंत्रिमंडल के कई लोग शामिल हुए. इसी कार्यक्रम में नेता विपक्ष तेजस्वी यादव और विपक्ष के अन्य नेता भी पहुंचे थे. इसी दौरान नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव की मुलाकात हो गई. मुख्यमंत्री को देखते ही तेजस्वी यादव खड़े हो गए और उनका अभिवादन किया. फिर क्या था नीतीश कुमार भी हंसकर तेजस्वी यादव को आशीर्वाद देते नजर आए, जिसकी उम्मीद नहीं की जा रही थी.