Ahmedabad Sports Club Threat : गुजरात के अहमदाबाद में प्रतिष्ठित स्पोर्ट्स क्लब में एक धमकी भरा नोट मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है. नोट में अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम, आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा और 21 जून को बड़े धमाके की चेतावनी का जिक्र होने से मामले को बेहद गंभीर माना जा रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस, बम स्क्वॉड और खुफिया एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंच गईं.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, क्लब परिसर में संदिग्ध नोट मिलने के बाद पूरे इलाके की सघन तलाशी ली गई. सुरक्षा एजेंसियों ने क्लब के अंदर और आसपास जांच अभियान चलाया, हालांकि शुरुआती जांच में कोई विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई है, इसके बावजूद पुलिस इस धमकी को हल्के में लेने के मूड में नहीं है.
सूत्रों के अनुसार, नोट में 21 जून की तारीख का खास तौर पर जिक्र किया गया है, जिससे जांच एजेंसियां संभावित एंगलों पर काम कर रही हैं. पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि नोट क्लब परिसर तक कैसे पहुंचा. क्लब स्टाफ और कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है.
हाल के महीनों में देश के कई शहरों में स्कूलों, अस्पतालों, एयरपोर्ट्स और सार्वजनिक स्थानों को बम से उड़ाने की धमकियों के मामले सामने आए हैं, इनमें से कई धमकियां फर्जी निकलीं, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां हर अलर्ट को गंभीरता से ले रही हैं. अहमदाबाद मामले में भी जांच का फोकस इस बात पर है कि यह किसी शरारती तत्व की करतूत है या फिर इसके पीछे कोई संगठित साजिश छिपी है. फिलहाल पुलिस ने लोगों से अफवाहों से बचने और आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील की है.