उत्तर प्रदेश के औरैया से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. यहां हिंदू लड़की से शादी करने के बाद ससुराल पहुंचे असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम के जिला अध्यक्ष की हत्या कर दी गई है. इस हत्याकांड को कोई और नहीं बल्कि दूल्हे के सास-ससुर ने अंजाम दिया है. दावा किया जा रहा है कि बेटी की अलग धर्म में शादी होने की वजह से उसके माता-पिता गुस्से में थे और लोकलाज से बचने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया है.
पुलिस ने आरोपी सास-ससुर को गिरफ्तार कर लिया है और मृतक की पत्नी से पूछताछ की जा रही है. मीडिया रिपोर्ट्स से जानकारी मिली है कि ससुराल वालों ने पहले दामाद को घर बुलाया और मौका देखकर उसे नशीली दवा खिला दी, जिससे दामाद बेहोश हो गया और बेहोशी की हालत में ही उसकी ईंट से कूचकर हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद उसके शव को घर की बेसमेंट में फेंक दिया और ऊपर से बांस-बल्लियां डालकर ढक दिया.
जानकारी मिली है कि अजीतमल कोतवाली के बाबरपुर अशोक नगर निवासी अरविंद के घर पर बिंदकी के मिराज का आना-जाना था. मिराज सदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम का जिलाध्यक्ष है. इसी बीच उसकी दोस्ती अरविंद की बेटी गोल्डी से हो जाती है. जानकारी होने पर लड़की के माता पिता ने उसकी शादी कहीं ओर कर देते हैं. कुछ दिन बाद जब गोल्डी ससुराल से वापस आती है तो वह मिराज के साथ भाग जाती है और उसके साथ कोर्ट मैरिज कर लेती है.
इसी बीच चार दिन पहले जब गोल्डी मायके आईं तो माता-पिता ने मिराज को भी मिलने बुलाया, जिसपर मिराज ने ससुराल आने से मना कर दिया, जिसपर सास ज्योति ने कहा कि अब सबकुछ ठीक हो गया है और उसे दामाद के रूप में स्वीकार कर लिया है. मिराज सास की बात मानकर ससुराल पहुंच गया. शाम को खाना खाने के बाद पत्नी गोल्डी सोने चली गई, इसके बाद सास ने मौका देखकर मिराज को नशीली दवा पिला दी.
फिर जब मिराज बेहोश हो गया तो ससुर अरविंद और सास ज्योति ने ईंड से कूचकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी. गुरुवार को सुबह ज्योति गोल्डी को लेकर घर से बाहर चली गई. शाम को अरविंद ने पहले शराब पी, फिर चिल्लाना शुरू कर दिया कि उसके बेसमेंट में किसी का शव पड़ा हुआ है. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान के लिए तस्वीर सोशल मीडिया पर डाली, जिसके बाद परिजनों उसकी पहचान की.
वहीं पुलिस जांच में पता चला कि मिराज की हत्या उसके सास-ससुर ने ही की है. स्थानीय कोतवाल ने जानकारी दी है कि मृतक के भाई हंजला ने अरविंद और ज्योति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई, जिसके बाद शुक्रवार शाम को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया और पूछताछ के बाद जेल भेज दिया गया है.