लखनऊ : उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले महिलाओं को आर्थिक मदद देने के मुद्दे पर सियासत तेज हो गई है. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा है कि अगर यूपी में सपा की सरकार बनती है तो महिलाओं के लिए समाजवादी पेंशन योजना दोबारा शुरू की जाएगी और उन्हें हर साल 40 हजार रुपये दिए जाएंगे.
अखिलेश का यह ऐलान ऐसे वक्त आया है, जब योगी सरकार की ओर से महिलाओं को आर्थिक सहायता देने वाली एक बड़ी योजना पर विचार किए जाने की चर्चा है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक योगी सरकार महिलाओं को 50 हजार रुपये तक की सहायता देने के प्रस्ताव पर विचार कर रही है. हालांकि, इस प्रस्ताव को लेकर अभी अंतिम सरकारी घोषणा नहीं हुई है.
यही वजह है कि अखिलेश यादव ने सीधे महिलाओं को मिलने वाली रकम को चुनावी मुद्दा बना दिया है. उन्होंने अपनी पुरानी समाजवादी पेंशन योजना का जिक्र करते हुए कहा कि पिछली बार महिलाओं को 500 रुपये महीने पेंशन दी जाती थी. अब इसे बढ़ाकर सालाना 40 हजार रुपये करने की बात कही गई है.
अखिलेश ने इसके पीछे अपना गणित भी बताया। उनके मुताबिक 3 हजार रुपये महीने के हिसाब से 12 महीने में 36 हजार रुपये होते हैं और बाकी 4 हजार रुपये को ब्याज के तौर पर जोड़कर कुल रकम 40 हजार रुपये बताई गई.
यानी चुनावी मैदान में मुकाबला अब सिर्फ योजनाओं का नहीं, बल्कि महिलाओं के खाते में कितनी रकम पहुंचेगी, इस सवाल पर भी केंद्रित होता दिखाई दे रहा है. बीजेपी की संभावित 50 हजार वाली सहायता योजना के बीच सपा का 40 हजार रुपये का ऐलान महिला वोटरों को साधने की बड़ी रणनीति माना जा रहा है.