लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की बेटी अदिति यादव को लेकर सोशल मीडिया पर प्रसारित की जा रही कथित फर्जी पोस्ट और तस्वीरों को लेकर राजनीतिक विवाद गहरा गया है. सोशल मीडिया पर कुछ आपत्तिजनक पोस्ट वायरल होने के बाद सपा कार्यकर्ताओं और नेताओं ने इसे सुनियोजित दुष्प्रचार करार देते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
इस पूरे मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि उनकी बेटी के खिलाफ झूठी और भ्रामक सामग्री फैलाकर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों के खिलाफ अब तक सख्त कार्रवाई न होना कई सवाल खड़े करता है.
अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा, मुख्यमंत्री का परिवार नहीं है, लेकिन क्या इसका मतलब यह है कि दूसरे लोगों के परिवारों के बारे में इस तरह की टिप्पणी और दुष्प्रचार किया जाए. आखिर ऐसे लोगों को ताकत कौन दे रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा समर्थित तत्व इस तरह की गतिविधियों को बढ़ावा दे रहे हैं.
सपा प्रमुख ने कहा कि किसी भी राजनीतिक मतभेद का जवाब परिवार की महिलाओं और बेटियों को निशाना बनाकर नहीं दिया जाना चाहिए. उन्होंने प्रशासन से मांग की कि फर्जी पोस्ट और तस्वीरें फैलाने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके.