IPS की मां की हत्या पर अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर साधा निशाना, बोले- पुलिस ही सुरक्षित नहीं

Global Bharat 16 Aug 2026 10:24 PM 1 Mins
IPS की मां की हत्या पर अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर साधा निशाना, बोले- पुलिस ही सुरक्षित नहीं

अंबेडकरनगर : उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर में IPS अधिकारी आशुतोष मिश्रा की मां की हत्या की घटना ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है. घटना को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए योगी सरकार पर निशाना साधा है. अखिलेश यादव ने कहा कि अंबेडकरनगर में एक आईपीएस अधिकारी की माता जी की हत्या का दुखद समाचार आया है. उन्होंने इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में पुलिस ही सुरक्षित नहीं है.

बताया जा रहा है कि मालीपुर थाना क्षेत्र के रूढ़ा गांव में IPS अधिकारी की मां घर में अकेली रहती थीं. आरोप है कि बीती रात घर में घुसे बदमाशों ने उनके साथ वारदात की. महिला के मुंह में कपड़ा ठूंसकर गला दबाने का भी आरोप सामने आया है. घटना का पता दोपहर बाद उस समय चला, जब उनकी देखभाल करने वाली दाई घर पहुंची.

सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. अयोध्या रेंज के IG समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. हत्या के पीछे चोरी की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

इसी घटना को लेकर अखिलेश यादव ने सरकार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं. उनका बयान ऐसे समय आया है जब विपक्ष लगातार प्रदेश में अपराध और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सरकार को घेर रहा है.

अब पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती हत्या की वजह और आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करना है. फिलहाल घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों और आसपास के CCTV फुटेज के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है.

Ambedkar Nagar IPS Ashutosh Mishra Akhilesh Yadav UP Law and Order Mother Murder Case

Description of the author

Recent News