अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हत्या का प्रयास किया गया है, इधर भारत में अब जमकर सियासत शुरू हो गई है. भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को घेर रहे हैं. इसी बीच ट्रंप पर हमले का जिक्र करते हुए BJP के नेता अमित मालवीय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित तौर पर "निष्ठुर" शब्दों के इस्तेमाल को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा है. मालवीय ने राहुल गांधी पर कई बार पीएम मोदी के खिलाफ "हिंसा को प्रोत्साहित करने और उसे उचित ठहराने का आरोप लगाया.
2022 की घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में प्रधानमंत्री मोदी की सुरक्षा से जानबूझकर समझौता किया गया था, जो उस समय कांग्रेस द्वारा शासित था. इससे पहले नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति ट्रंप की हत्या के प्रयास की निंदा की थी और इस घटना पर गहरी चिंता व्यक्त की थी और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की थी.
वहीं आज सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपने पोस्ट का हवाला देते हुए, मालवीय ने राहुल गांधी की एक पुरानी क्लिप पोस्ट की, जिसमें वह पीएम मोदी पर निशाना साध रहे थे. मालवीय ने कहा कि ये कपटपूर्ण शब्द हैं. उन्होंने कहा कि तीसरी बार असफल राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ हिंसा को प्रोत्साहित किया है और उसे उचित ठहराया है, जिनसे वे कई बार चुनाव हार चुके हैं. पंजाब का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि भारत कभी कैसे भूल सकता है कि कैसे पंजाब पुलिस ने जानबूझकर पीएम की सुरक्षा से समझौता किया था. जब उनके काफिले को फ्लाईओवर पर छोड़ दिया गया था और उस समय पंजाब में कांग्रेस की ही सरकार थी.

इस दौरान बीजेपी नेता ने अमेरिका में एक डेमोक्रेट नेता का एक और वीडियो भी साझा किया, जिसमें आरोप लगाया गया है कि अगर ट्रंप अमेरिकी चुनाव जीतते हैं, तो यह देश में आखिरी चुनाव होगा और यह लोकतंत्र और संविधान का अंत होगा. वीडियो में कही गई बातों का जिक्र करते हुए मालवीय ने कहा कि ट्रंप के खिलाफ इस तरह की घिनौनी बयानबाजी के कारण ही उनकी हत्या की कोशिश की गई. इसके लिए जिम्मेदार व्यक्ति जॉर्ज सोरोस द्वारा वित्तपोषित ANTIFA के प्रति निष्ठा रखता है, जो अमेरिका में वामपंथी 'फासीवाद-विरोधी, नस्लवाद-विरोधी' आंदोलन है.
उन्होंने कहां कि वही भाषा भारत में तीसरी बार असफल राहुल गांधी के भाषणों से काफी मिलती-जुलती है. उन्होंने सवालिया लहजे में कहा है कि वे किसकी स्क्रिप्ट पढ़ रहे हैं? मालवीय ने कहा कि अगर ट्रंप समय रहते नहीं हटते, तो गोली उनकी कनपटी में लग जाती और उनकी खोपड़ी फट जाती. उन्होंने कहा कि ये विक्षिप्त किस्म के वामपंथी लोग हैं, जो किसी भी हद तक जा सकते हैं.
बता दें कि अमेरिका पूर्व राष्ट्रपति ट्रंप पेन्सिलवेनिया में एक चुनावी रैली को संबोधित कर रहे थे. तभी उस पर हमला हुआ था. हालांकि वे बाल-बाल बच गए, लेकिन एक व्यक्ति की मौत हो गई. वहीं जवाबी कार्रवाई में सुरक्षा बल ने हमलावर को भी मार गिराया. FBI ने ट्रंप की हत्या के प्रयास में शामिल हमलावर की पहचान थॉमस मैथ्यू क्रुक्स के रूप में की है.
यह भी पढ़ें- दिल्ली के GTB अस्पताल में अंधाधुंध फायरिंग कर एक मरीज को उतारा मौत के घाट