अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर जानलेवा हमला किया गया है. यह हमला उस वक्त किया गया है, जब वह किसी चुनावी रैली में भाषण दे रहे थे. इस दौरान हमलावर ने उस पर गोली चला दी. हालांकि डोनाल्ड ट्रंप बच गए और गोली उसके कान को छू कर चली गई है. हमले के बाद तुरंत पुलिस मुस्तैद हो गई और ट्रंप को सुरक्षित किया. इसी बीच एफबीआई ने दावा किया है कि हमलावर की पहचान कर ली गई. एफबीआई की ओर से कहा गया है कि ट्रंप पर गोली चलाने वाले शख्स की पहचान 20 वर्षीय थॉमस क्रुक्स के रूप में हुई है, वह पेंसिल्वेनिया का रहने वाला है.
एफबीआई ने कहा है कि जांच अभी चल रही है. जांच एजेंसी ने नागरिकों से अनुरोध किया है कि जिस किसी को भी हमलावर की जानकारी हो वह जांच में सहयोग कर सकते हैं और हमलावर का वीडियो और फोटो जो कुछ भी हो ऑनलाइन सबमिट करा सकते हैं. एफबीआई के फील्ड अफसर केविन का कहना है कि इस हमले को जानलेवा हमला के रूप में देखा जा रहा है. साथ ही स्थानीय पुलिस ने भी बताया है कि हमलावर की पहचान लगभग कर ली गई है. बताया जा रहा है कि ट्रंप पर हमले के दौरान एक पुरुष की मौत हुई है और दो अन्य लोग घायल भी हुए हैं.
बता दें कि अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति पर उस समय हमला किया गया था, जब वह पेंसिल्वेनिया की एक चुनावी रैली को संबोधित कर रहे थे. मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि डोनाल्ड ट्रंप सुरक्षित हैं और उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है. वहीं अभी भी यह नहीं बताया गया है कि अमेरिकी राष्ट्रपति अस्पताल से निकलने के बाद कहां गए. वहीं डोनाल्ड ट्रंप के चुनावी अभियान कार्यालय की ओर से बताया गया है कि ट्रंप अब बेहतर महसूस कर रहे हैं.
इसी बीच भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी इसपर प्रतिक्रिया दी है. राहुल गांधी ने कहा है कि मैं पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर जानलेवा हमले की निंदा करता हूं. उन्होंने कहा कि इस तरह की हरकतों की कड़ें शब्दों में निंदा करनी चाहिए. उनके शीघ्र और पूर्ण स्वस्थ होने की कामना करता हूं. पीएम मोदी ने कहा है कि मैं अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति पर हमले की निंदा करता हूं, उनके जल्द स्वस्थ्य होने की कामना करता हूं.
प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट लिखकर कहा है कि मेरे मित्र, पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर हुए हमले से मैं बहुत चिंतित हूं. इस घटना की कड़ी निंदा करता हूं. उन्होंने आगे लिखा कि राजनीति और लोकतंत्र में हिंसा की कोई जगह नहीं है. उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं. प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं मृतक के परिवार, घायलों और अमेरिकी लोगों के साथ हैं.