दिल्ली के जीटीबी (GTB) अस्पताल में अंधाधुंध गोलीबारी कर एक मरीज को मौत के घाट उतार दिया गया है, जिसके बाद मौके पर दिल्ली पुलिस (Delhi Police) ने पहुंचकर जांच शुरू कर दी है. घटना करीब चार बजे दिन की बताई गई है. जानकारी मिली है कि मरीज कुछ सप्ताह पहले ही इस अस्पताल में भर्ती हुआ था, क्योंकि वह पेट में इनफेक्शन से परेशान था. मृतक व्यक्ति अस्पताल के वार्ड नंबर-24 में भर्ती था.
सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची दिल्ली पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. मारे गए शख्स की पहचान 32 वर्षीय रियासदुद्दीन के तौर पर हुई है. वह दिल्ली के खजूरी इलाके का रहने वाला था. पुलिस की ओर से जानकारी दी गई है कि रियासदुद्दीन पेट में संक्रमण के कारण इलाज कराने के लिए जीटीबी अस्पताल में भर्ती था.
दिल्ली पुलिस ने बताया है कि तीन अपराधी अस्पताल में घूसे और रियासदुद्दीन पर अंधाधुंध गोलियां चला दी, जिसके बाद मौके पर डॉक्टरों को बुलाया गया है. डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
वहीं अब दावा किया जा रहा है कि मारने वाला अपराधी मृतक का ही परिचित हो सकता है, क्योंकि उसे मालूम था कि रियासदुद्दीन कहां और किस वार्ड में भर्ती है. दिल्ली पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है. हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि अपराधी ने क्यों रियासदुद्दीन को मारा है.
घटना के बाद वहां मौजूद मरीज और तीमारदारों ने बताया कि अस्पताल मे अचानक हुई गोलीबारी से यहां अफरा-तफरी मच गई थी. लोग डर कर इधर-उधर भागने लगे थे. तभी पता चला कि अपराधियों ने वार्ड नंबर-24 में एक व्यक्ति को निशाना बनाया है. घटना के तुरंत बाद दिल्ली पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया.