पटना: उत्तर प्रदेश पुलिस ने बिहार के कुख्यात गैंगस्टर ललन सिंह को सहारनपुर में मुठभेड़ में मार गिराया. ललन वही कुख्यात अपराधी है, जिसके दोनों बड़े भाई भी करीब 4 साल पहले पुलिस एनकाउंटर में ही ढेर हो चुके थे. बिहार के समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र अंतर्गत आनंदगोलवा गांव निवासी शिवशंकर सिंह के पुत्र ललन कुमार सिंह लंबे समय से UP Police की गिरफ्त से बचता फिर रहा था. अब उसका भी अंजाम अपने दोनों भाइयों जैसा ही हुआ.
अपराध की पूरी कहानी
ललन और उसके दो भाई रजनीश कुमार सिंह व मनीष कुमार सिंह ने मिलकर पटना के बेलछी में एक बैंक डकैती को अंजाम दिया था. इस डकैती में बैंक गार्ड की हत्या कर 65 लाख रुपए लूटे गए थे. बाद में तीनों भाई वाराणसी शिफ्ट हो गए, जहां उन्होंने बाइक लूट और पुलिसकर्मी पर हमले जैसे अपराध किए. वर्ष 2022 में वाराणसी पुलिस के साथ मुठभेड़ में दोनों भाई मारे गए थे, जबकि ललन भाग निकला था.
ललन सिंह पर बैंक लूट, हत्या, पुलिसकर्मी पर गोली चलाने और कई अन्य गंभीर मामलों में मुकदमे दर्ज थे. अप्रैल 2026 में ही उसके खिलाफ कुर्की-जब्ती की कार्रवाई भी की गई थी. समस्तीपुर के गांव में इस खबर से सनसनी फैल गई है. ग्रामीण बताते हैं कि ललन कभी-कभी चुपके से घर आकर माता-पिता से मिल जाता था.