बुलंदशहर: उत्तर प्रदेश में सनसनीखेज गोमांस मामले में पूर्व केंद्रीय मंत्री सरवर हुसैन (चंद्रशेखर सरकार में राज्य मंत्री) के भाई की मीट फैक्ट्री को प्रशासन ने सील कर दिया है. खुर्जा के मूंडाखेड़ा स्थित अल हम्द फ्रोजन फूड्स फैक्ट्री पर रविवार को कई विभागों की टीम ने छापा मारा. 8 घंटे तक चली जांच के बाद फैक्ट्री के स्लॉटरिंग (नौकिंग) बॉक्स को सील कर दिया गया. अब यहां आगे कोई स्लॉटरिंग नहीं हो सकेगी.
15 जनवरी 2026 को अलीगढ़ के थाना चंडौस में एक लोडर वाहन से 700 किलो संदिग्ध मीट बरामद हुआ था. मथुरा की फॉरेंसिक लैब में सैंपल जांच में गोमांस की पुष्टि हुई. वाहन चालक ने बताया कि मीट खुर्जा की इसी फैक्ट्री से लाया गया था.
इसके बाद अलीगढ़ पुलिस ने फैक्ट्री मालिक अनवर हुसैन (सरवर हुसैन के भाई) समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया. एडीएम प्रशासन नीतीश कुमार सिंह ने बताया कि जांच में पाया गया कि फैक्ट्री में मानकों का पालन नहीं हो रहा था. प्रथम दृष्टया अनियमितताएं मिलने पर सील करने का फैसला लिया गया. यह कार्रवाई गोमांस सप्लाई के 5 महीने बाद हुई है, जिससे इलाके में चर्चा का बाजार गर्म है. पुलिस अब पूरे मामले की आगे की जांच कर रही है.