बिजनौर: यूपी पंचायत चुनाव की तैयारियां शुरू होते ही गांवों में राजनीतिक दुश्मनी अब खतरनाक रूप लेने लगी है. बिजनौर जिले में एक ग्राम प्रधान ने अपने प्रतिद्वंद्वी को गोकशी के मामले में फंसाने के लिए पूरी साजिश रची. पुलिस ने इस मामले का खुलासा करते हुए प्रधान समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
18 जून को नूरपुर क्षेत्र के चांगीपुर गांव के एक गन्ने के खेत में गोवंशीय बछड़े के अवशेष मिलने के बाद गोकशी का मामला दर्ज किया गया था. पुलिस जांच और CCTV सर्विलांस के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि यह हत्या चुनावी रंजिश के चलते की गई थी. पुलिस के मुताबिक, वर्तमान प्रधान जगपाल और उसके समर्थकों को गांव के ही हसन से राजनीतिक व व्यक्तिगत रंजिश थी.
हसन का प्रभाव कम करने और उसे जेल भिजवाने के लिए प्रधान ने बछड़े की हत्या करवाकर उसके अवशेष खेत में फेंक दिए. बाद में प्लान के मुताबिक पुलिस को सूचना देकर हसन पर आरोप लगाने की कोशिश की गई.
शनिवार देर रात पुलिस ने मुठभेड़ में फैजान उर्फ सोनू को पैर में गोली लगने की हालत में गिरफ्तार किया. प्रधान जगपाल, उसके भाई किरणपाल उर्फ लाला, रामअवतार, ब्रह्मपाल उर्फ संता और फैजान को गिरफ्तार किया गया है. तीन अन्य आरोपी फरार हैं. पुलिस ने घटनास्थल से अवैध तमंचा, कारतूस और पशु वध के उपकरण भी बरामद किए हैं.