Delhi Government Accident: दिल्ली के नांगलोई इलाके के दो युवकों की एक दुखद सड़क दुर्घटना में जान चली गई. दोनों दोस्तों ने हाल ही में अपनी पढ़ाई पूरी की थी. कपिल ने अभी-अभी बीटेक की डिग्री हासिल की थी, जबकि प्रयागराज कौशिक उसके पड़ोस का ही करीबी दोस्त था. मंगलवार की रात दोनों घूमने के मूड में थे और दिल्ली से देहरादून की ओर कार लेकर निकल पड़े.
रास्ता दिखाने के लिए वे गूगल मैप्स का इस्तेमाल कर रहे थे. इसी दौरान वे दिल्ली-देहरादून ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे पर पहुंच थे कि मवीकलां क्षेत्र के पास उनकी कार एक अस्थायी बैरियर से गंभीर रूप से टकरा गई. दुर्घटना इतनी भीषण थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. पुलिस ने तुरंत उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
बता दें कि यह ग्रीनफील्ड हाईवे अभी पूरी तरह से जनता के लिए खुला नहीं है. इसका औपचारिक उद्घाटन 14 अप्रैल को प्रस्तावित है. फिलहाल केवल दिल्ली के अक्षरधाम से मवीकलां तक के एलिवेटेड सेक्शन पर ही ट्रायल रन चल रहा है.
इसके बावजूद कई वाहन चालक पूरे हाईवे पर दौड़ते दिख जाते हैं. हाईवे पर वाहनों को रोकने के लिए विभिन्न स्थानों पर अस्थायी बैरियर लगाए गए हैं, लेकिन कई लोग इनकी अनदेखी कर आगे बढ़ जाते हैं. इस हादसे में दो युवा जिंदगियों का जाना बेहद दुखद है.