नई दिल्ली: ईरानी मिसाइल के कारण गुरुवार को अबू धाबी में भारत के एक और नागरिक की मौत हो गई है. वहीं इस घटना में कुल दो लोग मारे गए हैं. जॉर्डन के विदेश मंत्रालय के बयान के अनुसार, मारे गए दोनों लोगों में एक भारतीय और एक पाकिस्तानी नागरिक शामिल थे. इस हादसे में तीन अन्य लोग घायल भी हुए हैं, जिनमें एक भारतीय और एक जॉर्डन का नागरिक शामिल हैं.
यह घटना अबू धाबी के स्वैहान स्ट्रीट इलाके में हुई, जब यूएई की वायु रक्षा प्रणाली ने एक बैलिस्टिक मिसाइल को सफलतापूर्वक रोक लिया, लेकिन उसके गिरते मलबे से यह दुर्घटना हुई. यूएई की स्थानीय मीडिया और अधिकारियों ने इसे एक मिसाइल इंटरसेप्शन के बाद हुए मलबे का मामला बताया है. जॉर्डन ने इस हमले की निंदा की है और इसे ईरान का हमला करार दिया है.
इस युद्ध की शुरुआत से अब तक यूएई में कुल 11 लोगों की मौत हो चुकी है, जिसमें यह नई घटना भी शामिल है। इनमें से पहले हुई 9 मौतों में तीन यूएई सैनिक भी शामिल थे। बाकी मौतें पाकिस्तान, नेपाल, बांग्लादेश और फिलिस्तीन के नागरिकों की हुई थीं.
यूएई के रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, ईरान की तरफ से अब तक 357 बैलिस्टिक मिसाइलें, 15 क्रूज मिसाइलें और 1,815 ड्रोन हमलों को रोका गया है. इन सभी हमलों में कुल 166 लोग घायल हुए हैं, जिनमें कई देशों के नागरिक शामिल हैं. यह घटना ईरान-अमेरिका के बीच चल रहे संघर्ष का हिस्सा है, जिसमें यूएई के कई इलाकों और ऊर्जा सुविधाओं को निशाना बनाया जा रहा है.