आगरा में बेकाबू लोडर ने 4 सहेलियों को रौंदा, चालक बोला- ड्राइविंग सीख रहा था

Amanat Ansari 17 Oct 2026 07:02 PM 1 Mins
आगरा में बेकाबू लोडर ने 4 सहेलियों को रौंदा, चालक बोला- ड्राइविंग सीख रहा था

आगरा: शहर के कालिंदी विहार में शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. तेज रफ्तार लोडिंग वाहन (लोडर) ने सड़क पर टहल रही चार युवतियों को पीछे से टक्कर मार दी. हादसे में एमकॉम की छात्रा खुशबू (22) की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य सहेलियां गंभीर रूप से घायल हो गईं.

कैसे हुआ हादसा?

घटना शुक्रवार रात करीब सवा नौ बजे थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र के एच ब्लॉक कैला देवी मंदिर के सामने हुई. खुशबू, भूमि (18), शिखा (कृष्णा रेजिडेंसी कॉलोनी) और निशा चौधरी (गीत गोविंद कॉलोनी) खाना खाने के बाद साथ में सड़क पर टहल रही थीं. तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रहा लोडर अचानक उनकी तरफ मुड़ गया और चारों को चपेट में ले लिया.

मौके पर चीख-पुकार मच गई. आसपास के लोगों ने चालक को पकड़ लिया और जमकर पिटाई कर दी. घायल युवतियों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान खुशबू जुरैल (पुत्री मनमोहन सिंह) की मौत हो गई.

चालक का दावा और पुलिस कार्रवाई

प्रभारी निरीक्षक ट्रांस यमुना हरेंद्र कुमार ने बताया कि वाहन चालक गाड़ी चलाना सीख रहा था. तभी नियंत्रण खो बैठने से हादसा हो गया. पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है और वाहन कब्जे में ले लिया गया है. शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें साफ दिख रहा है कि चारों सहेलियां आराम से टहल रही थीं और पीछे से आ रहे लोडर का नियंत्रण छूट गया. खुशबू की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. अस्पताल में परिजन बदहवास नजर आए.

Recent News