पहले रूल ऑफ माफिया था, अब रूल ऑफ लॉ लागू... RMLNLU के दीक्षांत समारोह में गरजे योगी

Amanat Ansari 17 Oct 2026 03:46 PM 1 Mins
पहले रूल ऑफ माफिया था, अब रूल ऑफ लॉ लागू... RMLNLU के दीक्षांत समारोह में गरजे योगी

RMLNLU Convocation Ceremony: लखनऊ स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (RMLNLU) के 5वें दीक्षांत समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जोरदार भाषण दिया. उन्होंने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में ‘रूल ऑफ माफिया’ था, अब ‘रूल ऑफ लॉ’ लागू है. समारोह में सुप्रीम कोर्ट के न्यायमूर्ति विक्रम नाथ और इलाहाबाद हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश भी मौजूद रहे. करीब 260 विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की गईं और मेधावी छात्रों को सम्मानित किया गया.

सीएम योगी ने क्या कहा?

सीएम योगी ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा, ''2017 से पहले यूपी में रूल ऑफ माफिया था. माफिया से विकास बाधित था. कानून-व्यवस्था और निवेश को लेकर संदेह रहता था. हमने रूल ऑफ लॉ लागू कर प्रदेश की छवि बदली है. कोई व्यक्ति या पद संविधान से ऊपर नहीं हो सकता.''

उन्होंने युवा अधिवक्ताओं से कहा कि अन्याय के सामने चुप रहना विकल्प नहीं है. फैसला इतिहास सुनाएगा, लेकिन बहस आपको करनी है. उन्होंने राम जैसा कर्म, कृष्ण जैसा हृदय और शिव जैसा मस्तिष्क रखने की प्रेरणा दी. सीएम ने 25 जून 1975 (आपातकाल) का जिक्र करते हुए कहा कि इसने ‘रूल ऑफ लॉ’ और ‘रूलर ऑफ लॉ’ का अंतर समझाया.

न्यायमूर्ति एच.आर. खन्ना की असहमति का उल्लेख करते हुए उन्होंने युवाओं से संवैधानिक मूल्यों की रक्षा करने का आह्वान किया. इस वर्ष कुल 20 पदकों में से 13 पदक छात्राओं ने जीते. बीए एलएलबी (ऑनर्स) में तेजस्विनी कौशल को स्वर्ण, ईशा अग्रवाल को रजत और निशा वर्मा को कांस्य पदक मिला. एलएलएम में रूपल जायसवाल को स्वर्ण पदक प्रदान किया गया.

Recent News