पटना: बिहार विधान परिषद चुनाव में बड़ा सियासी ट्विस्ट आ गया है. जेडीयू विधायक अनंत सिंह ने अपनी ही पार्टी के उम्मीदवार के खिलाफ खुलकर मोर्चा खोल दिया है. उन्होंने प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज के पटना स्नातक सीट के उम्मीदवार डॉ. अनुज सिंह का समर्थन करने का ऐलान किया है.
पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जेडीयू ने नीरज कुमार को उम्मीदवार बनाया है. नीरज कुमार लगातार चौथी बार इस सीट से चुनाव लड़ रहे हैं. वहीं जन सुराज ने डॉ. अनुज कुमार सिंह (अनुज सिंह) को मैदान में उतारा है. ऐसे में मोकामा के जेडीयू विधायक अनंत सिंह का अपनी पार्टी के उम्मीदवार के खिलाफ जन सुराज प्रत्याशी का समर्थन चुनावी चर्चा का नया विषय बन गया है.
अनंत सिंह का क्या कहा?
अनंत सिंह ने सोमवार को मीडिया से बात करते हुए कहा, “हम कल नवादा जाने का प्लान बना रहे थे. अनुज सिंह ने 1 तारीख को नॉमिनेशन की तारीख तय की है. इसलिए हम लोगों की सेवा करने के लिए यहीं रहेंगे. नॉमिनेशन फाइल करने के बाद हम घूमने निकलेंगे. हम जीतेंगे.” उन्होंने अपनी जीत का भरोसा जताते हुए कहा कि अगर वे अब तक जीतते आए हैं तो आगे भी जीत हासिल करेंगे.
चुनाव का शेड्यूल
बिहार विधान परिषद की 8 सीटों (4 स्नातक और 4 शिक्षक) पर चुनाव होना है. मतदान 23 अक्टूबर को होगा और 27 अक्टूबर को नतीजे आएंगे. इन सदस्यों का कार्यकाल 16 नवंबर 2026 को समाप्त हो रहा है. स्नातक सीटों में पटना, तिरहुत, दरभंगा और कोसी शामिल हैं. अनंत सिंह के इस ऐलान के बाद पटना स्नातक सीट का मुकाबला और दिलचस्प हो गया है.